झारखंड: चाईबासा में आइईडी विस्फोट में तीन जवान शहीद, दो घायल

Last Updated 04 Mar 2021 12:24:55 PM IST

झारखंड के सिंहभूम जिले के चाईबासा में नक्सलियों ने लैंड माइंस विस्फोट किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हुए हैं।


सांकेतिक फोटो

घायल जवानों में सीआरपीएफ का भी एक जवान है। ये नक्सली हमला पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना के लांजी के जंगल में गुरुवार सुबह 8.45 बजे हुआ।

सीआरपीएफ के प्रवक्ता दिलीप अंबेश के मुताबिक, झारखंड पुलिस के जगुआर (एजी 11) और सीआरपीएफ के 197 बटालियन का नक्सलियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चल रहा था। उसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बल को निशाना बनाने के लिए आईईडी ब्लास्ट कर दिया।

झारखंड में नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने 19 फरवरी, 2008 को विशेष टास्क फोर्स के गठन को मंजूरी दी थी, जिसे बाद में झारखंड जगुआर का नाम दिया गया। इसके लिए अलग तरह की वर्दी भी डिजाइन की गई। राज्य में फिलहाल 20 इस तरह के झारखंड जगुआर के ग्रुप नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

शहीद होने वाले सभी झारखंड जगुआर के एजी-11 इकाई के सदस्य थे जिनके नाम हैं -- हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित और कांस्टेबल हरद्वार शाह और किरण सुरीन। इनमें से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत अस्पताल में हुई। इसके अलावा घायल होने वालों में कांस्टेबल दीप टोपनो और निक्कू उरांव शामिल हैं।

इस हमले के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment