पिकनिक मनाने के दौरान जलप्रपात में डूबे दो दंपति

Last Updated 23 Jul 2019 03:57:52 PM IST

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पिकनिक मनाने के दौरान दो दंपतियों की जलप्रपात में डूबने से मौत हो गई।


कोरिया जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़काबहरा गांव में स्थित बगनच्चा जलप्रपात में सोमवार को पिकनिक मनाने गये दो दंपतियों की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने चारों शव बरामद कर लिया है।     

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के अंतर्गत शाहगंज निवासी मोहम्मद ताहिर (26) पत्नी साइना परवीन (21) के साथ कोरिया जिले के मनेंद्रगढ के मौहारपारा में अपने ससुराल आया था।     

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को ताहिर और साइना और साइना के भाई नियाज अहमद (26) और उसकी पत्नी सना परवीन (22) बड़काबहरा गांव के पास बगनच्चा जलप्रपात में पिकनिक मनाने गए थे। जलप्रपात में पहुंचने के बाद उन्होंने वाहन को ऊपर रख दिया। बाद में घड़ी, मोबाइल, पर्स आदि सामान को किनारे रख नियाज और ताहिर नहाने के लिए पानी में उतर गए।     

उन्होंने बताया कि नहाने के दौरान नियाज और ताहिर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जिसे देख दोनों की पत्नियां उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गईं। लेकिन वह भी गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।     

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर बाद जब वहां मौजूद अन्य लोगों ने जलप्रपात के ऊपर रखे सामानों को देखा तब उन्हें शंका हुई और इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दंपतियों की खोजबीन शुरू की।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने देर शाम चारों शवों को बरामद कर लिया था। मामले की जांच की जा रही है। 

भाषा
कोरबा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment