छत्तीसगढ़: बस्तर में कर्ज न चुकाने वाले दो किसानों को जेल भेजने से हड़कंप

Last Updated 16 May 2019 12:55:01 PM IST

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में भारतीय स्टेट बैंक से लिया कर्ज नहीं चुका पाने पर दो आदिवासी किसानों को जेल भेजने का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर अय्याज तंबोली ने मामले की जांच की बात कही है।


(प्रतीकात्मक तस्वीर)

जगदलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के भाटपाल गांव के किसान सुखदेव और तुलाराम मौर्य को स्थानीय पुलिस ने पिछले शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कल किसानों के परिजन मदद की गुहार लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे तो मामला सामने आया।

कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि मामला पांच साल से अधिक पुराना है। जगदलपुर स्टेट बैंक ने न्यायालय में किसानों के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दायर किया था। शुक्रवार को न्यायालय से उनके पास दोनों की गिरफ्तारी का आदेश आया था। उसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

वहीं जेल गए किसानों के परिजन धोखाधड़ी का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना था कि गांव के ही दो लोगों ने ड्रिप इरिगेशन के नाम पर उनसे सादे कागज पर अंगूठा लगवाया था। बाद में एक को 40 हजार और दूसरे को 60 हजार रुपए मिले। बैंक से वसूली का नोटिस आया तो पता चला कि सुखदेव पर 4 लाख और तुलाराम पर 10 लाख रुपए का कर्ज है।

बस्तर कलेक्टर तंबोली ने बताया कि प्रथम दृष्टया दो-तीन मामले दिख रहे हैं। संबंधित बैंक और किसानों के परिजन से बात की जाएगी। मामले की तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

वार्ता
जगदलपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment