Bharat Jodo Nyay Yatra : राहुल गांधी की बिहार के कटिहार में रोड शो के साथ 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' फिर से शुरू

Last Updated 31 Jan 2024 12:04:34 PM IST

Bharat Jodo Nyay Yatra : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के कटिहार जिले में एक रोड शो के साथ अपनी ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ (Bharat Jodo Nyay Yatra) फिर से शुरू की।


राहुल गांधी

पार्टी के एक नेता ने कहा कि कटिहार में रात्रि विश्राम के बाद गांधी ने सुबह अपनी यात्रा शुरू की। उनके पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे के आसपास मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने की उम्मीद है।

गांधी को एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) की छत पर बैठे देखा गया जो धीरे-धीरे शहर की मुख्य सड़कों से गुजर रहा था। उन्होंने सड़क पर जमा उत्साही भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया तथा स्थानीय लोग सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध होकर जुलूस को गुजरते हुए देखते रहे।

राज्य में कांग्रेस की ये यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब पूर्व सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में लौट चुके हैं।

कुमार के पाला बदलने से पहले कांग्रेस ने जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) के साथ बिहार में सत्ता साझा किया था।

कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के अनुसार गांधी कुछ दिनों बाद झारखंड के रास्ते राज्य में लौटेंगे।

गांधी ने मंगलवार को पूर्णिया में एक रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रहार किया और कहा कि महागठबंधन के सहयोगियों के दबाव में जाति सर्वेक्षण कराने के बाद नीतीश खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे थे और भाजपा ने उन्हें बाहर निकलने का रास्ता दे दिया।

गांधी ने कहा, ‘‘हमें नीतीश कुमार की जरूरत नहीं है।’’

गांधी ने 2020 के विधानसभा चुनाव अभियान के बाद बिहार में अपनी पहली रैली को संबोधित किया था।

गांधी की ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी जो 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

भाषा
कटिहार


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment