Bihar Politics: ललन सिंह का इस्तीफा, नीतीश कुमार बने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष; मांझी ने CM पर कसा तंज

Last Updated 29 Dec 2023 03:39:15 PM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं।


जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शुक्रवार को हुई बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया। जद(यू) के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी ने कहा कि राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और नीतीश कुमार को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।

पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आज होने वाली है जिसमें कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए फैसलों का अनुमोदन किए जाने की संभावना है।

बिहार सरकार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ललन सिंह ने कार्यकारिणी की बैठक में बताया कि वह लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं और इसके मद्देनजर अपनी व्यवस्तता को देखते हुए वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

उनके मुताबिक सिंह ने मुख्यमंत्री से अध्यक्ष का पद संभालने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

जद (यू) सांसद रामनाथ ठाकुर ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव, बिहार में जातीय जनगणना कराने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद करने का एक प्रस्ताव और संसद से 147 सांसदों को निलंबित किए जाने का एक निंदा प्रस्ताव पेश किया गया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इन प्रस्तावों को चर्चा के बाद पारित किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि पार्टी के भीतर अधिकांश प्रमुख नेताओं का मानना था कि कुमार को 2024 में लोकसभा चुनावों से पहले इस महत्वपूर्ण समय में संगठन की कमान संभालनी चाहिए।

पार्टी विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।

सूत्रों ने बताया कि कुमार के साथ हाल में हुई बातचीत में पार्टी के भीतर कई नेताओं ने सिंह की नेतृत्व शैली की आलोचना की थी।

इसी बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिन्दुस्तान आवास मोर्चा (हम) के नेता जीतन राम मांझी का बयान सामने आया है। ललन सिंह के इस्तीफे को लेकर मांझी ने नीतीश कुमार पर करारा तंज कसा है।

जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नीतीश कुमार की तीन वर्षीय योजना के तहत ललन सिंह का भी पत्ता साफ कर दिया गया है। वैसे ललन बाबू को समझना चाहिए था कि जो नीतीश कुमार फार्नाडिस साहब के ना हुए, RCP बाबू, शरद यादव, दिगविजय सिंह के ना हुए वह उनके कैसे होंगें? “ऐसा कोई सगा नहीं जिसे नीतीश ने ठगा नहीं।”



बता दें कि पिछले कुछ दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि सिंह को सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD से कथित निकटता के कारण अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जा सकता है।

नीतीश और ललन सिंह दशकों से बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सिंह 2010 और 2013 के बीच की अवधि को छोड़कर कुमार के प्रमुख सहयोगी भी रहे हैं। इस अवधि में सिंह ने जद (यू) छोड़ दी थी।

नीतीश इससे पहले 2016 से 2020 तक जदयू के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके बाद आरसीपी सिंह और आरसीपी की बगावत के बाद ललन सिंह जदयू के अध्यक्ष बने थे।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment