Bihar Train Accident: बक्सर में पटरी से उतरीं नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की 6 बोगियां, 4 की मौत, 100 घायल; हेल्प लाइन नंबर जारी

Last Updated 12 Oct 2023 09:42:55 AM IST

बिहार में दिल्ली से गुवाहाटी जा रही नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस बुधवार की रात हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में ट्रेन के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए और 4 लोगों की मौत हो गई।


दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जाने वाली नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस  रात 9.35 बजे बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास डीरेल हो गई। इस हादसे में ट्रेन के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए और 4 लोगों की मौत हो गई।

इस ट्रेन हादसे के बाद बचाव कर्मी कार्य पर लगे हुए हैं। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।और 100 से अधिक घायल हुए है, जिसमें 20 लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। 



नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर कामाख्या रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक ए.के. सिन्हा ने कहा, "कामाख्या रेलवे स्टेशन पर एक हेल्पलाइन नंबर (03612674857) जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग जानकारी ले सकते हैं।"



गुरुवार सुबह केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे मौके पर पहुंचे और बहाली कार्य-बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, "भयावह दृश्य है। यहां की जनता ने जिस प्रकार से राहत बचाव कार्य में सहयोग किया वह सराहनीय है। यहां के लोगों ने हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं, जिलाअध्यक्ष को जानकारी दी। मैंने रेल मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के कार्यलय तक जानकारी दी। राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। आसपास के अस्पतालों को जानकारी दी गई... रेवले की टीम आ चुकी है, हम परिचालन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने में लगे हैं। जांच पड़ताल चल रही है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

बिहार के बक्सर जिले में बुधवार को आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने के बाद उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य के स्वास्थ्य और आपदा विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने और राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक्स पर एक पोस्ट में तेजस्वी यादव ने कहा : "दिल्ली-कामाख्या नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद आपदा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और भोजपुर और बक्सर प्रशासन के अधिकारियों से दुर्घटनास्थल पर जल्द से जल्द पहुंचने, राहत व बचाव अभियान चलाने और घायलों का इलाज भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा, "बिहार सरकार सक्रिय रूप से राहत, बचाव और घायलों के इलाज में लगी हुई है।"


 

बता दें कि नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस (नंबर 12506) बुधवार सुबह 7:40 बजे दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से रवाना हुई थी। 33 कोच वाली ये ट्रेन गुवाहाटी से करीब 6 किलोमीटर दूर कामाख्या तक जाती है। करीब 33 घंटे में यह दूरी कवर करती है।

रेलवे की ओर से जारी की गई हेल्प लाइन नंबर
PNBE - 9771449971
DNR - 8905697493
ARA - 8306182542
COML CNL - 7759070004
Kamakhya Railway Station: 0361-267-4857

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment