यासीन मलिक के कबूलनामे के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी से पूछे सवाल

Last Updated 12 May 2022 06:15:53 PM IST

कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक के विशेष एनआईए अदालत के समक्ष आतंकवादी मामले के संबंध में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने का जुर्म कुबूल लेने के बाद बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए निशाना साधा है।


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल (फाइल फोटो)

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि वायुसेना के अधिकारियों समेत न जाने कितने लोगों को मौत के घाट उतार देने वाले इस शख्स ने कितने घर बर्बाद किये होंगे, लेकिन इतने के बावजूद कांग्रेस राज में इसका क्या दबदबा था, यह तत्कालीन प्रधानमन्त्री मनमोहन सिंह के साथ यासीन मलिक की एक तस्वीर से पता चलता है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस राज में आतंकी को उसकी 'औकात' दिखाने की बजाए उसका 'महिमामंडन' किया जाता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के उत्थान को यह तबका आज तक पचा नहीं पाया है। सीएए, कृषि कानूनों पर झूठ बोलकर दंगा करवाने की साजिश उसी के प्रतिफल थे।

डॉ जायसवाल ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि देश के तत्कालीन प्रधानमन्त्री के साथ अलगाववादी नेता की तस्वीर देखकर इसके शिकार हुए लोगों के परिजनों के दिल पर क्या बीतती होगी?

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment