महानंदा नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढकर नौ हुई

Last Updated 05 Oct 2019 01:32:00 PM IST

पश्चिम बंगाल और बिहार की सीमा के पास महानंदा नदी में नाव हादसे में पांच और लोगों के शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या शनिवार को नौ हो गई।


एक नाव जिसमें करीब 80 लोग सवार थे और नाव नदी में पलट गई थी

मालदा के पुलिस अधीक्षक आलोक राजौरिया ने बताया कि बचाव टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चंचल इलाके से शनिवार सुबह पांच और शव नदी से बाहर निकाले।      
राजौरिया ने बताया कि नौ मृतकों में से दो बिहार के निवासी थे जबकि सात पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।    

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मी बचाव एवं तलाश अभियान चला रहे हैं।      

एसपी ने कहा कि बृहस्पतिवार को डूबी नाव का शनिवार सुबह तक भी नहीं पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया, ‘‘नाविक घटना के बाद से ही फरार है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।’’    

 मालदा के जिला मजिस्ट्रेट कौशिक भट्टाचार्य ने कहा कि नौ लोगों को बचाने के बाद, उन्हें मालदा जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।    

 एक नाव जिसमें करीब 80 लोग सवार थे, गुरुवार को नदी में पलट गई थी।     

 बिहार के बरसोई के पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘पहली नजर में, यह नाव में क्षमता से ज्यादा लोगों के सवार होने का मामला लगता है। नाव में 40 यात्रियों की जगह थी, लेकिन उसमें लगभग दोगुने लोग सवार थे।’’    

 उन्होंने कहा, ‘‘नाव में सवार अधिकतर लोग या तो तैर कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे या प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बचाया। करीब दो दर्जन लोगों का पता लगाना अब भी बाकी है.. इस काम के लिए पेशेवर तैराकों को लगाया गया है।’’

 

भाषा
कटिहार


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment