दिल्ली से खाली हाथ लौटे रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, फिर नहीं हुई अमित शाह से मुलाकात

Last Updated 17 Nov 2018 12:18:04 PM IST

अगले लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर बिहार राजग में चल रही खींचतान के बीच राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष कुशवाहा तीसरी बार भी भाजपा अध्यक्ष शाह से मुलाकात नहीं कर पाए।


दिल्ली से खाली हाथ लौटे उपेंद्र (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से अगले लोकसभा चुनाव में बिहार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए तीसरी बार भी मुलाकात नहीं होने बाद आज फिर से दुहराया कि राज्य में उनकी पार्टी का गठबंधन भाजपा के साथ है।

कुशवाहा ने दिल्ली से लौटने के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात करने की कोशिश की लेकिन यह संभव नहीं हो सकता। संभवत: शाह 5 राज्यों में हो रहो विधानसभा चुनाव को लेकर व्यस्त हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन भाजपा के साथ है।


   
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री कुशवाहा ने दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके मिलने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि यह मीडिया का शिगुफा है और उनकी मुलाकात गांधी से नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि रालोसपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पूर्व से निर्धारित यहां बैठक होनी है और इसमें शामिल होने के लिए ही वह पटना आये हैं।

उल्लेखनीय है कि अगले लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर बिहार राजग में चल रही खींचतान के बीच कुशवाहा इससे पहले भी दो बार भाजपा अध्यक्ष शाह से मिलने का प्रयास कर चुके हैं लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर रालोसपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आज कुछ अहम फैसले लिये जा सकते हैं।
 

 

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment