एक MLC, जो बने राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच तलाक की वजह
एक राजकुमार और एक राजकुमारी, राजकुमार बेहद हैंडसम जबकि राजकुमारी बला की खूबसूरत। दोनों की शादी बड़ी धूमधाम से हुई। दोनों राजा खानदान से हैं। लिहाजा शादी की चर्चा तो होनी ही थी। बात 28 साल पहले की है। राजकुमार और राजकुमारी ने सात फेरे लेते समय जिन कसमों और वादों को निभाने का प्रण लिया था। वह प्रण टूट गया बल्कि दोनों अब अलग होने जा रहे हैं।
![]() कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह |
जी हां हम बात कर रहे हैं कुंडा के प्रभावशाली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह की। अभी कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और उनकी पत्नी पूर्व मंत्री रहीं स्वाति सिंह के तलाक की खबर को लोग भूल भी नहीं पाए थे, उसके पहले ही राजा भैया और भवानी सिंह के तलाक की खबर चर्चा का केंद्र बन गई। इतने बड़े घराने, इतने प्रभावशाली व्यक्ति के परिवार में ऐसा क्या हो गया कि पति-पत्नी के बीच तलाक तक की नौबत आ गई।
दरअसल राजा भैया और भानवी सिंह के बीच मनमुटाव का कारण बने विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह। भानवी सिंह की कंपनी श्रीदा प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड में अक्षय प्रताप सिंह डायरेक्टर हुआ करते थे। भानवी सिंह की बड़ी बेटी भी उस कंपनी में डायरेक्टर थी। भानवी सिंह ने बहुत पहले आरोप लगाया था कि अक्षय प्रताप सिंह ने उनके डिजिटल सिग्नेचर में फर्जीवाड़ा करके कुछ शेयर अपने नाम ट्रांसफर करा लिए हैं। जबकि अपने कुछ परिचितों को कंपनी में डायरेक्टर बना दिया है। कथित तौर पर अक्षय प्रताप सिंह के फर्जीवाड़े की जानकारी जब भानवी सिंह को लगी तो उन्होंने इसकी शिकायत राजा भैया से की।
बतौर भानवी सिंह राजा भैया ने अक्षय प्रताप सिंह का साथ दिया। यहां बता दें कि अक्षय प्रताप सिंह और राजा भैया दोनों अच्छे दोस्त हैं। भानवी सिंह की शिकायत के बाद जब राजा भैया ने कोई एक्शन नहीं लिया, तो उन्होंने दिल्ली में अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ 420,467, 468,471,109 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया। मुकदमा दर्ज कराने के बाद राजा भैया और नाराज हो गए। मुकदमे के बाद उन लोगों के बीच सुलह के सारे रास्ते बंद हो गए।
दिल्ली की इकोनामिक ऑफेंस विंग उन आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि इन दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें बहुत पहले से आने लगी थीं। दोनों बरसों से एक दूसरे से अलग रह रहे हैं। भानवी सिंह दिल्ली स्थित अपने आवास में रहती है। राजा भैया ने 2022 में भानवी सिंह के खिलाफ एक तलाक की अर्जी दायर की थी। उन्होंने भानवी सिंह पर मानसिक क्रूरता और परित्याग का आरोप लगाया था। 10 अप्रैल यानी सोमवार को दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक को लेकर सुनवाई होने वाली थी। लेकिन जज के अवकाश पर होने की वजह से यह सुनवाई टल गई।
अब यह सुनवाई 23 मई को होगी। यहां बता दें कि 1995 में राजा भैया की शादी भानवी सिंह से हुई थी। भानवी सिंह बस्ती के राजा के छोटे बेटे की बेटी है। राजा भैया भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे हैं। इन दोनों के 4 बच्चे हैं। दो बड़ी बेटियां हैं जब कि दो जुड़वा बेटे हैं। इतने बड़े घराने के लोगों के बीच में तलाक की खबरें निश्चित ही विचलित करने वाली हैं।
| Tweet![]() |