Lok Sabha Election 2024: CEC की बैठक में कर्नाटक की सभी लोकसभा सीटों पर हुई चर्चा : विजयेंद्र येदियुरप्पा

Last Updated 12 Mar 2024 08:15:58 AM IST

भाजपा के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने दावा किया है कि सोमवार को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में राज्य के सभी 28 लोकसभा सीटों पर विचार किया गया।


Lok Sabha Election 2024

भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की कर्नाटक के उम्मीदवारों के चयन के लिए हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में राज्य की सभी 28 लोकसभा सीटों पर विचार किया गया।

जेडी-एस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आज की बैठक में गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है, सिर्फ भाजपा के उम्मीदवारों को लेकर चर्चा हुई है।

हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि जेडी-एस को 3 सीटें देनी है, लेकिन उन्हें कौन-कौन सी सीट देंगे, इसे लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, बी.एस. येदियुरप्पा, के.लक्ष्मण और इकबाल सिंह लालपुरा सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य बैठक में मौजूद हैं।

केंद्रीय चुनाव समिति राज्यवार नेताओं को बुलाकर विभिन्न राज्यों के उम्मीदवारों को लेकर चर्चा कर रही है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के उम्मीदवारों को लेकर चर्चा हो चुकी है। बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों पर अभी चर्चा होनी है।

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment