Modi Cabinet: सीतारमण-रक्षा खडसे समेत 7 महिलाओं को मोदी कैबिनेट में मिली जगह, ये चेहरे हुए बाहर

Last Updated 10 Jun 2024 12:45:41 PM IST

नरेंद्र मोदी ने 9 जून की शाम राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। पीएम मोदी के साथ 71 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।


पीएम मोदी की नई टीम में इस बार 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं। सभी मंत्री देश के 24 राज्यों के साथ-साथ सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

मोदी की नई कैबिनेट में युवा नेताओं के साथ-साथ महिलाओं को भी जगह मिली है। इस बार 7 महिला मंत्रियों को मोदी कैबिनेट में शामिल किया गया है‚ जिनमें दो कैबिनेट मंत्री और पांच राज्य मंत्री बनाई गई हैं।

इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण‚ भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी‚ शोभा करंदलाजे‚ रक्षा खड़से‚ सावित्री ठाकुर और निमुबेन बांभनिया और अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल को शामिल किया गया हैं। जबकि पिछली मंत्रिपरिषद में कुल 10 महिला मंत्री थीं।

राज्य सभा सांसद निर्मला सीतारमण और अन्नपूर्णा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है‚ जबकि शेष ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।

निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल में भी मंत्री रही हैं। उन्होंने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में वित्त मंत्री कार्यकाल पूरा किया है। वे रक्षा मंत्री के रूप में भी पदभार संभाला हैं। निर्मला सीतारमण की गिनती बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में होती है।


झारखंड के कोडरमा से लोकसभा सांसद अन्नपूर्णा देवी पहले राज्य मंत्री थीं लेकिन इस बार उन्हें प्रमोट किया गया है। वह दूसरी बार सांसद बनी हैं। इससे पहले वह शिक्षा राज्य मंत्री के रूप में काम कर चुकी हैं।

पांच महिलाएं, जिन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है, उनमें अनुप्रिया पटेल, शोभा करंदलाजे, रक्षा खडसे, सावित्री ठाकुर और निमुबेन भमानिया शामिल हैं। इनमें रक्षा, सावित्री और निमुबेन नए चेहरे हैं।



पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी‚ राज्य मंत्री ड़ॉ. भारती पवार‚ साध्वी निरंजन ज्योति‚ दर्शना जरदोश‚ मीनाक्षी लेखी और प्रतिमा भौमिक को 18वीं लोकसभा की मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिली।  लोकसभा चुनाव में ईरानी‚ पवार और ज्योति अपनी मौजूदा सीटों क्रमशः अमेठी‚ ड़ंड़ोरी और फतेहपुर से हार गईं। वहीं, जरदोश, लेखी और भौमिक को भाजपा ने टिकट नहीं दिया था।

बता दें कि आम चुनाव में 74 महिला उम्मीदवादों ने जीत दर्ज की और यह संख्या 2019 में निर्वाचित 78 महिला प्रत्याशियों की तुलना में कुछ कम है।

रविवार शाम, नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की और उनकी मंत्रिपरिषद के 71 सदस्यों ने शपथ ली।
 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment