NHAI का निर्माणाधीन पुल गिरा, बिहार में कब थमेगा पुलों के गिरने का सिलसिला

Last Updated 22 Mar 2024 01:49:34 PM IST

बिहार के सुपौल में एनएचएआई द्वारा बनाया जा रहा एक पुल का हिस्सा शुक्रवार की सुबह गिर गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए हैं।


बिहार के सुपौल में पुल का हिस्सा गिर गया

यह पुल मधुबनी के भेजा और सुपौल जिले के बकौर के बीच कोशी नदी पर बन रहा है, जिसकी लंबाई 10.2 किलोमीटर है। इस पुल में 171 खंभे हैं और खंभा नंबर 153 और 154 के बीच का हिस्सा टूट गया है। सड़क निर्माण विभाग संभालने वाले उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात की है। हालांकि बिहार में पुल गिरने का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी बिहार में पुल गिरते रहे हैं। लेकिन यह मामला इसलिए बड़ा है क्योंकि यह पुल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बनवा रहा था।
बीते साल 4 जून को खगड़िया के अगुवानी गंगा घाट पर निर्माणाधीन पुल तीन पाया समेत पूरा सेगमेंट गंगा में समा गया था। इस पुल के गिरने के लिए घटिया सामग्री के इस्तेमाल और पुल के डिजाइन में गलती को जिम्मेदार बताया गया था। इस पुलिस की लागत 1700 करोड़ रुपये थी। नीतीश कुमार ने इस मामले में जांच के आदेश भी दिए थे। यह पुल निर्माण के दौरान ही साल 2022 में भी गिर गया था, जिसके बाद इसके डिजाइन को तैयार करने वाली फर्म को जिम्मेदार ठहराया गया था। खगड़िया हादसे से पहले बीते साल फरवरी महीने में राजधानी पटना में बना रहा एक निर्माणाधीन पुल भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया था। बिहटा-सरमेरा फोर लेन मार्ग पर रुस्तमंगज गांव में बन रहा एक पुल भरभरा कर गिर गया था। इस पुल को बनाने में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगा था।
 

साल 2022 के 18 नवंबर को बिहार के नालंदा जिल में एक निर्माणाधीन पुल ढह गया था, जिसमें एक शख्स की जान चली गई थी। वेना ब्लॉग में बन रहा वह चार लेन का पुल पहले भी एक बार जमींदोज हो चुका था जिसके बाद इसका फिर से निर्माण किया जा रहा था। वह पुल दूसरी बार भी गिर गया था। करीब दो साल पहले सहरसा जिले में भी निर्माण के दौरान एक पुल गिर गया था, जिसमें तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह घटना 9 जून 2022 को हुई थी। सिमरी-बख्तियारपुर प्रखंड के कुंडुमेर गांव में कोशी तटबंध के पूर्वी हिस्से में बना रहा वह पुल धाराशायी हो गया था। बिहार के पूर्णिया में बीते साल मई महीने में एक पुल ढलाई के दौरान भरभरा कर जमींदोज हो गया था। वह निर्माणाधीन पुल बायसी प्रखंड के चंद्रगामा पंचायत में सलीम चौक के पास गिरा था। उस पुल का एक पूरा बॉक्स धराशायी हो गया था। इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई थी, लेकिन कई मजदूर घायल जरूर हो गए थे।

 

 

शंकर जी विश्वकर्मा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment