कांग्रेस के जयराम रमेश ने नीतीश कुमार की तुलना गिरगिट से की, कहा- 'आया कुमार, गया कुमार'

Last Updated 29 Jan 2024 12:35:56 PM IST

कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में वापसी करने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सोमवार को एक बार फिर से निशाना साधा और कहा कि वह रंग बदलने में गिरगिट को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।


जयराम रमेश (फाइल फोटो)

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह कटाक्ष भी किया कि अब 'आया कुमार, गया कुमार' हो गया है।

नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और फिर भारतीय नेता पार्टी के सहयोग से एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

उन्होंने नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''गिरगिट को भी करनी पड़ी नए रंग की खोज, ये शूर वीर बदलते हैं इतने रंग रोज।''



'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर में पत्रकारों से बात करते हुए रमेश ने कहा, "मैं क्या कह सकता हूं? मैंने कल कहा था, 'आया कुमार, गया कुमार'। नीतीश कुमार गिरगिट को कड़ी टक्कर देते हैं।"

रमेश के अनुसार नीतीश कुमार बार-बार इस्तीफा देते रहते हैं और अपना 'राजनीतिक रंग' बदलते रहते हैं।



कांग्रेस नेता ने कहा कि कुमार ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठकों में हिस्सा लिया, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया कि वह विपक्ष को ''धोखा'' देने जा रहे हैं।

रमेश ने कहा, "उन्होंने (कुमार) हमें धोखा दिया है। सही समय पर बिहार की जनता उन्हें अपने इशारों पर नचाने वाले प्रधानमंत्री को करारा जवाब देगी।"

 

रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि ‘‘नीतीश कुमार द्वारा विश्वासघात’’ की पूरी भूमिका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रची गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘जब 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हुई तो प्रधानमंत्री मोदी ने मिलिंद देवरा को कांग्रेस से हटाने के लिए ‘‘मुहूर्त’’ तय किया। इसलिए, सुर्खियां भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बजाय ‘मिलिंद देवरा’ बन गईं।

रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी (भाजपा) नजर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बिहार के किशनगंज में प्रवेश करने पर थी। इसलिए उन्होंने पलटी मारने में महारत रखने वाले नीतीश कुमार को पाला बदलने के लिए कहा... उन्होंने ऐसा ही किया।’’

उन्होंने दावा किया कि सोमवार सुबह ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के किशनगंज जिले में पहुंचने के बाद कांग्रेस को यहां की जनता से जबरदस्त समर्थन मिला है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यह यात्रा पश्चिम बंगाल से बिहार में दाखिल हुई है।

नीतीश कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा के साथ मिलकर नई सरकार का गठन किया। उन्होंने करीब दो दशक के दौरान नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

नीतीश ‘इंडिया’ गठबंधन के सूत्रधार थे। उनकी पहल पर ही पिछले साल जून में विपक्षी एकजुटता और फिर इस गठबंधन की बुनियाद रखी गई थी।

नीतीश के राष्ट्रीय जनतांत्रित गठबंधन (राजग) में वापस जाने को विपक्षी दलों के एकजुट होने की कवायद के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment