Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग के लिए देश भर में हवन-पूजन का दौर जारी

Last Updated 23 Aug 2023 09:51:23 AM IST

भारत का चंद्रयान- 3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) बुधवार शाम को चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए तैयार है। आज यानी बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद है।


लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल के शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवी पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद जताई जा रही है।

चंद्रयान-3 की सफल की सफल लैंडिंग को लेकर देश भर में गजब का उत्साह देखा जा रही है। जगह जगह पूजा अर्चना की जा रही है। आज माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर महादेव देहरादून द्वारा आज हरिद्वार में विशेष गंगा पूजन किया गया।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए विशेष पूजा-अर्चना करने छतरपुर के बागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। एक श्रद्धालु राजीव शर्मा ने बताया कि हजारों श्रद्धालु यहां पूजा करने आए हैं।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए महाराष्ट्र में NCP कार्यकर्ताओं ने गणेश मंदिर टेकड़ी में हवन किया

उत्तर प्रदेश  के वाराणसी में भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए  साधुओं ने हवन किया।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष 'भस्म आरती' की गई।

वहीं राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में भी मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।

ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने कहा कि मुझे ISRO के वैज्ञानिकों की तरह ही विश्वास है कि हम बहुत बेहतर करेंगे क्योंकि चंद्रयान 2 की तुलना में बहुत सारे बदलाव किए गए हैं... बहुत सारे एल्गोरिदम बदले गए हैं... पूर्ण अंशांकन किया गया है। लैंडर में घूमने की क्षमता है। लैंडिंग क्षेत्र को 2.5 किमी से बढ़ाकर 4 किमी कर दिया गया है।

नागपुर, महाराष्ट्र: भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने 'नमो नमो भारताम्बे' और चंद्रयान गान पर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया।

 भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने बताया कि भारत का चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसलिए इस पल को यादगार बनाने के लिए मैंने चंद्रयान एंथम पर भरतनाट्यम किया। यह संपूर्ण भारत के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण है। हम उन सभी वैज्ञानिकों का हृदय से आभार व्यक्त करना चाहते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से आज यह संभव हो पाया है।  

डॉ आर.सी. कपूर, खगोलशास्त्री, प्रोफेसर, बेंगलुरु ने कहा, दुनिया और विभिन्न अंतरिक्ष एजेंसियां चंद्रयान पर नजर रख रही हैं। ISRO दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अंतरिक्ष एजेंसियों में से एक है। हमें उम्मीद है कि हम सॉफ्ट लैंडिंग में सफल होंगे...इसके साथ ही इसरो चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग (सफल लैंडिंग) करने वाली चौथी एजेंसी बन जाएगी।

चंद्रयान-3 की सफलता के लिए देश के बाहर भी उत्साह चरम पर है। अमेरिका के न्यू जर्सी के मोनरो में ओम श्री साईं बालाजी मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र में प्रार्थना की जा रही है।

चंद्रमा पर उतरने के साथ ही भारत ऐसा करने वाला विश्व का चौथा देश और चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका,रुस और चीन ऐतिहासिक करिश्मे को अंजाम दे चुके हैं। चंद्रमा की सतह पर उतरने की चार साल के अंतराल में इसरो की यह दूसरी कोशिश है। इसरो के मुताबिक सिस्टम की नियमित जांच हो रही है और मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (एमओएक्स) ऊर्जा और उत्साह से भरा हुआ है।
 

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment