Operation Kaveri: हिंसा प्रभावित सूडान से 231 भारतीयों का एक और जत्था लौटा स्वदेश

Last Updated 02 May 2023 03:32:42 PM IST

संकटग्रस्त अफ्रीकी देश सूडान से 200 से अधिक गुजरात निवासी मंगलवार को स्वदेश लौट आए हैं।


सूडान से 231 भारतीयों का एक और जत्था स्वदेश लौटा

ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत सरकार ने 231 लोगों को सूडान से स्वदेश लाने के लिए एक विशेष फ्लाइट भेजी थी। फ्लाइट अहमदाबाद में सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची। इस फ्लाइट में 208 गुजराती थे।

 

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ऑपरेशन कावेरी के तहत एक और विमान अहमदाबाद में उतरा। कुल 231 यात्री सुरक्षित घर पहुंचे।’’

यहां हावई अड्डे पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने लोगों का अभिवादन किया। पिछले हफ्ते ऑपरेशन कावेरी के तहत पहले दौर में 56 गुजराती मुंबई एयरपोर्ट लौटे थे।

10 बीमार लोगों के लिए एक चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा 15 अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए गए थे ताकि आप्रवासन प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। ऑपरेशन कावेरी के जरिए कुल 360 गुजरातियों को सूडान से वापस लाया गया है।

गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी के अनुसार, एसवीपीआई हवाई अड्डे पर उतरने वाले 231 लोगों में से 208 गुजरात, 13 पंजाब और 10 राजस्थान के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर राजकोट की यात्रा करने के इच्छुक लोगों के लिए 5 वातानुकूलित वोल्वो बसों की व्यवस्था की थी।

भारत ने हिंसा से प्रभावित सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए पिछले सप्ताह ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया था। ज्ञात हो कि सोमवार को इस अभियान के तहत 186 भारतीय कोच्चि पहुंचे थे जबकि रविवार को 229 भारतीय बेंगलूरू पहुंचे थे। इसके एक दिन पहले 365 भारतीय नागरिक दिल्ली आए। वहीं, इस निकासी अभियान के तहत शुक्रवार को दो जत्थों में 754 नागरिक भारत लौटे थे।

‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत ने जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है। सूडान से निकाले जाने के बाद भारतीय नागरिकों को सऊदी अरब के इस शहर में लाया जा रहा है। भारत ने सऊदी अरब के शहर जेद्दा में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है ताकि सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने में सुविधा हो सके।

सूडान में करीब 3,000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा, आईएनएस तेग और आईएनएस तरकश शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय वायु सेना का विमान भी इसमें शामिल है। इस अभियान के तहत पोर्ट सूडान और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। सूडान में सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है।
 

आईएननस/भाषा
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment