Weather Update: देश के कईं हिस्सों में @45 डिग्री!, ओडिशा में 'लू' से चमगादड़ों की मौत
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है।
![]() |
मौसम विभाग (IMD) ने देश के नौ राज्यों में उच्च तापमान और लू की चेतावनी दी है। इन राज्यों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है।
आईएमडी ने बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सिक्किम, झारखंड, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी लू यानि हीटवेव स्थिति होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत देगा. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 18-20 अप्रैल के बीच छिटपुट बारिश की संभावना है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
देश के अधिकांश भाग की तरह दिल्ली में भी खूब गर्मी पड़ रही है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में रहने वालों को आज थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। कुछ मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में शाम को आंधी के साथ हल्की बारिश आ सकती है।
बिहार-बंगाल में गर्मी का सितम
बिहार में भी गर्मी के साथ लू भी सितम ढा रही है। गर्मी से परेशान लोग को बाहर निकलना भी भारी पड़ रहा है। पटना मौसम केंद्र के अनुसार 17 अप्रैल को राज्य में अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर दर्ज हुआ। पटना, भागलपुर, पूर्णिया, सुपौल, भागलपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, नवादा और नालंदा में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है।
बिहार: पटना में गर्मी से लोग प्रभावित हैं, लगातार लू चल रही है जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 18, 2023
एक व्यक्ति ने कहा, "अप्रैल महीने में 42-43 तापमान नहीं हुआ करता था, सुबह से लू चल रही है। हम ठंडी चीजों का सेवन कर रहे हैं।" pic.twitter.com/0RQTkTCvit
वहीं बंगाल में लू की चेतावनी जारी की गई है। सीएम ममता बनर्जी ने लोगों को दोपहर से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी है।
ओडिशा में 'लू' के कारण आठ चमगादड़ों की मौत
ओडिशा में लू से ऐसे हालात बन गए हैं कि जानवर भी परेशान हो गए हैं। जाजपुर जिले के एक गांव में 'चमगादड़ों की मौत की खबर सामने आई है। वन विभाग के अधिकारी के अनुसार ओडिशा जाजपुर जिले के एक गांव में 'लू' जैसे हालात के कारण कम से कम आठ चमगादड़ों की मौत हो गई और बाकी चमगादड़ों पर पानी का छिड़काव कर उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तराखंड में बढ़ने लगा पारा, सात साल में सबसे गर्म अप्रैल का पहला पखवाड़ा
उत्तराखंड की बात करें तो वहां भी गर्मी की मार बढ़ती जा रही है। शुष्क मौसम में पारा लगातार चढ़ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तपिश बढ़ गई है। ज्यादातर क्षेत्रों में झुलसाने वाली धूप पड़ रही है। हालांकि, पहाड़ों में मौसम फौरी राहत दे सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन मैदान में मौसम शुष्क रहने और पारा चढ़ने के आसार हैं। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और गर्जन के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें व ओलावृष्टि हो सकती है। जबकि 19 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश/गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
| Tweet![]() |