उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में

Last Updated 19 Jan 2023 08:27:39 AM IST

उत्तर भारत के कई हिस्से बुधवार को भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे, जबकि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से 11.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।


उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में

राष्ट्रीय राजधानी में जनवरी के दौरान अब तक आठ दिन शीतलहर का प्रकोप रहा। दिल्ली में सर्दी के मौसम में अभी तक बारिश नहीं हुई है। दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में फतेहपुर, सीकर, चूरू और करौली में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया और पूरे प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार रात सीकर के फतेहपुर में पारा शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, सीकर में शून्य से 1.5 डिग्री नीचे, चूरू में शून्य से 1.2 डिग्री नीचे और करौली में शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। हरियाणा में नारनौल का न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सिरसा में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस, हिसार में दो डिग्री सेल्सियस, करनाल में 2.4 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 2.8 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में भीषण ठंड पड़ रही है। यहां का न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 2.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 2.6 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 3.8 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 2 डिग्री सेल्सियस, मोगा में 0.5 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उधर, कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से और नीचे गिर गया, जबकि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से बारिश और हिमपात होने की भविष्यवाणी की है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम में पारा शून्य से 11.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम वाषिर्क अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर भी है।

शीतलहर से कश्मीर में भी बढ़ी ठंड

कश्मीर में शीतलहर तेज होने से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है और घाटी में आसमान साफ होने की वजह से न्यूनतम तापमान शून्य से और नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया, श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।

घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से 4.1 डिग्री कम है। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 8 डिग्री कम है। अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के लगभग समान था। पहलगाम वाषिर्क अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में भी काम करता है। बारामूला के स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान भी पिछली रात के शून्य से नीचे 11.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

मौसम विज्ञान कार्यालय ने कहा, जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा तथा रात के तापमान में और भी कमी आएगी। कुछ पश्चिमी विक्षोभ के 19 से 25 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने की संभावना है। 19-21 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे और मुख्य रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी को पूर्वाह्न तक बहुत तेज बारिश होगी और कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्के से मध्यम हिमपात (जम्मू में बारिश के साथ) और मध्यम तथा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम हिमपात होने की संभावना है। कश्मीर वर्तमान में ‘चिल्लई कलां‘ की चपेट में है।

भाषा
नई दिल्ली/श्रीनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment