भाजपा कार्यकारिणी की बैठक का दूसरा दिन: पीएम मोदी देंगे आज 'चुनावी जीत' का मंत्र
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज आखिरी दिन है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का समापन पीएम मोदी के संबोधन के साथ होगा। मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं को 'विजय मंत्र' देंगे।
![]() BJP कार्यकारिणी बैठक: आज 'चुनावी जीत' का मंत्र देंगे मोदी (फाइल फोटो) |
यह बैठक राजधानी स्थित नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को शुरु हुई थी। प्रधानमंत्री मंगलवार को सुबह कार्यकारिणी स्थल पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के करीब 350 वरिष्ठ नेता इस कार्यकारिणी में भाग ले रहे हैं। इनमें 12 मुख्यमंत्री व पांच उपमुख्यमंत्री तथा 35 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को कार्यकारिणी के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था और पार्टी कार्यकर्ताओं से इस साल नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में सभी में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया था।
बैठक स्थल तक पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पटेल चौक से लेकर एनडीएमसी कनवेंशन सेंटर तक करीब एक किलोमीटर लंबा एक रोड शो भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क के दोनों ओर मौजूद थे।
मंगलवार को दूसरे दिन की बैठक में भी 2023 में होने वाले विधान सभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। 2023 में जिन नौ राज्यों में विधान सभा का चुनाव होना है, उनमें से चार राज्यों-त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय और कर्नाटक में पार्टी की चुनावी तैयारियों, कामकाज और गतिविधियों पर बैठक के पहले दिन सोमवार को चर्चा हुई थी।
बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को अन्य पांच राज्यों - राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम की तैयारियों पर चर्चा होगी। दरअसल, भाजपा की निगाहें सिर्फ 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव पर ही नहीं है बल्कि वो 2023 में होने नौ राज्यों का विधानसभा चुनाव भी जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।
इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सोमवार को बैठक के पहले दिन जेपी नड्डा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में देश भर से आये पार्टी नेताओं का आह्वान करते हुए कहा था कि 2023 का यह वर्ष भाजपा के लिए बहुत जरूरी है। 2023 में देश के नौ राज्यों में विधान सभा चुनाव होना है और पार्टी को एक भी राज्य में हारना नहीं है। नड्डा ने पार्टी के सभी नेताओं को कमर कस कर 2023 में होने वाले नौ राज्यों के विधान सभा और 2024 के लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान भी किया था।
सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल गुजरात में मिली जीत को लेकर एक प्रजेंटेशन भी देंगे। इसके साथ ही भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता और सरकार की आर्थिक उपलब्धियों को लेकर भी आज की बैठक में प्रस्ताव आने की संभावना है।
| Tweet![]() |