भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एजेंडे पर लगेगी मुहर
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है।
![]() भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फाइल फोटो) |
राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में हो रही इस बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। बैठक में भाजपा के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा सभी प्रदेशों के अध्यक्ष और संगठन महामंत्री तथा मंत्री शामिल हैं।
भाजपा मुख्यालय में चल रही इस बैठक के दोपहर दो बजे तक चलने की संभावना है। इसी बैठक में आज से ही शुरू होने जा रही भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के एजेंडे पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
आपको बता दें कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की औपचारिक शुरुआत सोमवार को शाम चार बजे नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी और जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होगी। इसकी शुरुआत अध्यक्ष नड्डा के भाषण से होगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आरंभ होने से पहले एनडीएमसी सेंटर में दोपहर बाद तीन बजे नड्डा एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।
दो दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मोदी सरकार के सभी मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, संगठन महामंत्री/संगठन मंत्री, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों के नेता प्रतिपक्ष सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री मंगलवार को बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने से पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को दोपहर बाद पटेल चौक से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक रोड शो भी करेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। इसमें कई प्रस्ताव भी पारित किये जायेंगे और पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। भाजपा की इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का समापन 17 जनवरी, मंगलवार को होना है।
| Tweet![]() |