विकास, चुनाव और सुरक्षा पर केंद्रित होगा अमित शाह का 3 दिवसीय जम्मू कश्मीर दौरा

Last Updated 26 Sep 2022 08:56:09 PM IST

केंदीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को 3 दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर जा रहे हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अमित शाह का ये दूसरा दौरा होगा। माना जा रहा है की शाह का ये दौरा विकास, चुनाव और सुरक्षा की तैयारियों के ईदगिर्द केंद्रित रहेगा।


केंदीय गृह मंत्री अमित शाह

अमित शाह का बहुप्रतीक्षित जम्मू कश्मीर दौरा 30 सितंबर से शुरू हो रहा है। अपने तीन दिन के दौरे पर अमित शाह कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ साथ 2 महत्वपूर्ण रैलियां भी करेंगे। वहीं जानकारी के मुताबिक अमित शाह उपराज्यपाल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जम्मू पहुंचेंगे। 1 अक्टूबर को वह राजौरी जिले में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह चुनावी तैयारियों का जायजा भी लेंगे। वहीं 2 अक्टूबर को उत्तरी कश्मीर के बारामूला में बड़ी रैली करेंगे। बताया जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए इन रैलियों में कई बड़े एलानों की घोषणा भी हो सकती है। इसके अलावा घाटी में चल रहीं कुछ विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। अमित शाह नवरात्रि के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन करने भी जाने वाले हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अमित शाह इस दौरे पर अपना ज्यादातर समय कश्मीर घाटी में बिताएंगे। इस दौरान बुद्धिजीवी वर्ग और समाज के कुछ प्रमुख लोगों से भी शाह मुलाकात कर केंद्र की योजनाओं की जानकारी दे सकते हैं। दरअसल जानकार बताते हैं कि भाजपा जम्मू में काफी मजबूत है, लेकिन कश्मीर घाटी में अपनी पैठ बनाने के लिए उसे अभी और मेहनत करने की जरूरत है। यही वजह है कि केंद्रीय गृह मंत्री कश्मीरियों से सीधा संवाद भी स्थापित कर सकते हैं।

वहीं एक सूत्र ने बताया कि अमित शाह पहाड़ी समुदाय के लोगों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की भी घोषणा कर सकते हैं। पहाड़ी समुदाय पिछले 30 सालों से एसटी दर्जे की मांग कर रहा है। उनकी यह मांग तब से है, जब 1991 में जम्मू कश्मीर में गुज्जर और बकरवाल समुदाय को एसटी दर्जा मिला था।

वहीं मिली जानकारी की अनुसार अमित शाह उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक भी करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इसमें आतंकवाद, घुसपैठ और गैरमुस्लिम बाहरी लोगों पर हो रही टारगेट किलिंग मुख्य मुद्दा हो सकता है। हालांकि अमित शाह के इस पूरे दौरे को लेकर भाजपा नेताओं का कहना है कि इस दौरे को चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। ये विकास और सुरक्षा पर केंद्रित दौरा है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment