मुंबई में 26/11 जैसे हमले की धमकी, पाकिस्तानी नंबर से आए मैसेज से सनसनी; जांच शुरू

Last Updated 20 Aug 2022 11:04:58 AM IST

मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को धमकी भरा मैसेज मिला है, जिसमें लिखा गया है कि 26/11 के तरह ही मुंबई में हमले किए जाएंगे। यह मैसेज पाकिस्तान के नंबर से व्हा्टसएप के जरिए भेजा गया।


मुंबई यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष को अपनी हेल्पलाइन के व्हाट्सऐप नंबर पर कई ऐसे संदेश मिले हैं, जिनमें ‘‘26/11 जैसे’’ हमले किए जाने की धमकी दी गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्ट्या ऐसा लगता है कि ये संदेश देश के बाहर के किसी नंबर से भेजे गए हैं।

अधिकारी के मुताबिक, ‘‘मध्य मुंबई के वर्ली स्थित नियंत्रण कक्ष से संचालित मुंबई पुलिस की यातायात हेल्पलाइन के व्हाट्सएप नंबर पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे संदेश आए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन संदेशों को भेजने वाले ने 26/11 के मुंबई हमले जैसे हमले की धमकी दी है।’’

धमकी में कहा गया है कि भारी हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी चरमपंथी मुंबई शहर में कई विस्फोटों को अंजाम देंगे।

मुंबई पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। साथ ही दूसरी एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने कहा कि राज्य सरकार को खतरे को गंभीरता से लेना चाहिए और जांच करनी चाहिए।

महाराष्ट्र में दो दिन पहले ही, गुरुवार को रायगढ़ जिले में दो 'संदिग्ध' नावें मिली थीं। एक नाव हरिहरेश्वर समुद्र तट पर मिली, जिसमें नेपच्यून समुद्री सुरक्षा बॉक्स में गोला-बारूद और विस्फोटक के साथ 3 एके-47 राइफलें मिलीं, जबकि दूसरी नाव भरन खोल किनारे के पास मिली, जिसमें एक लाइफ जैकेट और कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

नाव पर कोई मौजूद नहीं था। महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) मामले की जांच कर रही है।

मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान के 10 सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। यह देश में हुए सबसे भयावह आतंकवादी हमलों में से एक है। इस हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
 

भाषा/आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment