Monsoon Session: विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

Last Updated 18 Jul 2022 12:53:06 PM IST

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने सेना में भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना और महंगाई को लेकर सदन में हंगामा किया जिस कारण कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।


लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न 2 बजे तक स्थगित (फाइल फोटो)

एक बार के स्थगन के बाद जब अपराह्न दो बजे निचने सदन की कार्यवाही पुन: आरंभ हुई तो कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। कुछ सदस्यों ने हाथों में तख्तियां ले रखीं थीं जिन पर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी का उल्लेख था। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता हनुमान बेनीवाल भी आसन के निकट पहुंचे।

पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी और टोकाटोकी के बीच ही आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए। इस दौरान कानून मंत्री किरेन रिजीजू ने ‘कुटुम्ब न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2022’ पेश किया।

सदन में नारेबाजी के बीच लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि विपक्षी सदस्य सुबह से गुहार लगा रहे हैं कि महंगाई पर चर्चा हो, लेकिन नहीं सुनी गयी।

नारेबाजी जारी रहने के कारण अग्रवाल ने अपराह्न दो बजकर करीब पांच मिनट पर सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, सोमवार सुबह लोकसभा की बैठक तीन नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के साथ आरंभ हुई। इसके बाद जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, संयुक्त अरब अमीरात के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान, केन्या के पूर्व राष्ट्रपति मवाई किबाकी तथा कुछ दिवंगत पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद बैठक अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही स्थगित करने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हो रहा है और हर चुनाव देश के लोगों के लिये उत्सव के समान होता है। उन्होंने सदस्यों से कहा, ‘‘हम सभी को राष्ट्रपति चुनाव उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।’’

विपक्ष का हंगामा, राज्यसभा दिन भर के लिए स्थगित

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) तथा अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही शून्यकाल के दौरान ही दिन भर के लिए स्थगित कर दी कर दी गई।

राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सुबह सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए नवनिर्वाचित सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। उसके बाद उन्होंने सदन के दिवंगत हुए पूर्व सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के निधन से सदन को अवगत कराया और सदन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद जैसे ही नायडू ने अपना वक्तव्य देना आरंभ किया तो कांग्रेस के जयराम रमेश कुछ बोलने लगे। इसके समर्थन में कांग्रेस के प्रमोद कुमार तिवारी भी जोर जोर से बोलने लगे।

नायडू ने कहा कि उन्होंने महासचिव को इस मामले में देखने के लिए कह दिया है। लेकिन कांग्रेस के सदस्य शांत नहीं हुए और नारे लगाते हुए सभापति के आसन के समक्ष आ गए। इसमें आम आदमी पार्टी के संजय ंिसह तथा अन्य विपक्षी दलों के सदस्य भी शामिल थे।

नायडू ने सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देना की अपील की और कहा कि नियमों के अनुसार ही काम होना चाहिए। लेकिन विपक्ष के सदस्य शांत नहीं हुए और स्थिति को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
श्री नायडू ने अपना वक्तव्य विपक्षी सदस्यों की टीका टिप्पणी के बीच पढ़ा।
 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment