नकवी बोले- मुसलमानों के लिए मुसीबत है 'अलकायदा'

Last Updated 08 Jun 2022 03:13:11 PM IST

आतंकी संगठन अलकायदा द्वारा भारत पर हमले की धमकी देने के बाद राज्यसभा के सांसद और केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।


अलकायदा' मुसलमानों के लिए मुसीबत: नकवी (फाइल फोटो)

पैगंबर मोहम्मद पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर अब आतंकी संगठन अल कायदा ने भारत में आत्मघाती हमले की धमकी दी है। इस ब्यान के आने के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि, अल-कायदा, मुसलमानों की हिफाजत नहीं मुसीबत है जो इस्लाम को सुरक्षा कवच बनाकर इंसानियत को लहूलुहान करने के मंसूबों में लगा है।

उल्लेखनीय है अलकायदा ने गुजरात, यूपी, मुंबई और दिल्ली में आत्मघाती हमले करने की धमकी दी है। अलकायदा की यह धमकी टीबी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर बीजेपी की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी के बाद आई है।

नकवी ने कहा, भारत के सह-अस्तित्व का समावेशी संस्कार, किसी भी संकीर्ण सांप्रदायिक साजिश का शिकार नहीं हो सकता है। वसुधैव कुटुम्बकम के संस्कार और सर्वे भवन्तु सुखिन: के संकल्प का ही नतीजा है कि हिंदुस्तान में दुनिया के सभी धर्मावलंबी समानता, स्वतंत्रता और समावेशी माहौल में फल-फूल रहे हैं।


नकवी ने कहा, दुनिया भर में रहने वाले हर दस मुसलमान में से एक मुसलमान भारत में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, धार्मिक, संवैधानिक स्वंत्रता और सुरक्षा के साथ रह रहा है। वहीं पड़ोस के इस्लामी देश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे जुर्म और जुल्म पर खामोशी की चुनिंदा अधिकारों और स्वतंत्रता की सोंच आश्चर्यचकित करने वाली है।

 

अल-कायदा ने दिल्ली, मुंबई, यूपी और गुजरात में हमले की दी चेतावनी

भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा (एक्यूआईएस) ने पैगंबर मोहम्मद के अपमान का बदला लेने के लिए दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और गुजरात में 'आत्मघाती बम विस्फोट' करने की चेतावनी जारी की है। एक्यूआईएस ने एक धमकी भरा पत्र जारी किया। इसमें लिखा गया, भगवा आतंकवादियों को अब दिल्ली, बंबई, यूपी और गुजरात में अपने अंत का इंतजार करना चाहिए। वे न तो अपने घरों में और न ही अपनी किलेबंद सैन्य छावनियों में शरण ले पाएंगे।

इसने कहा, दुनिया भर के मुसलमानों के दिलों से खून बह रहा है और वे बदला और प्रतिशोध की भावना से भरे हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी ने निलंबित कर दिया था।

नूपुर शर्मा के विवादित बयान से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोहराम मचा हुआ है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, बहरीन, इंडोनेशिया और ईरान समेत कई मुस्लिम देशों के साथ-साथ इस्लामी सहयोग संगठन ने उनके बयानों का विरोध किया है और माफी की मांग की है।

एक्यूआईएस की ओर से दी गई धमकी के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment