पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा, तेल की कीमतें रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते बढ़ीं, अब हमारे नियंत्रण में नहीं

Last Updated 26 Mar 2022 08:31:10 AM IST

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले चार दिनों में ईंधन की कीमतों में तीन बार की गई बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए शुक्रवार को कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और यह स्थिति भारत सरकार के नियंत्रण से बाहर है।


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (फाइल फोटो)

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी ने यहां ‘एबीपी नेटवर्क’ के सम्मेलन ‘आइडियाज ऑफ इंडिया’ में ‘न्यू इंडिया, न्यू मेनिफेस्टो-सबका साथ, सबका विकास’ सत्र में यह भी कहा कि, ‘‘कभी-कभी हिंदुत्व को गलत तरीके से पेश किया जाता है।’’

जब उनसे पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘भारत में 80 प्रतिशत तेल आयात किया जाता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और हम इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते हैं।’’

मंत्री ने कहा कि हम 2004 से भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रहे हैं, ‘‘जिसके साथ हमें स्वदेशी ऊर्जा उत्पादन क्षमताओं को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपना खुद का ईंधन बनाने की जरूरत है।’’

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जो चार दिनों में तीसरी वृद्धि है।

यह कहते हुए कि उच्चतम न्यायालय ने हिंदुत्व को जीवन का एक तरीका बताया है, गडकरी ने कहा कि धर्म और समुदाय एक-दूसरे से अलग हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तो कभी-कभी, हिंदुत्व की व्याख्या ईसाई विरोधी और मुस्लिम विरोधी के रूप में की जाती है। पिछले सात वर्षों में (मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के सत्ता में आने के बाद से) केंद्र सरकार की कोई भी योजना किसी के साथ भेदभावपूर्ण वाली नहीं रही है। हमारी योजनाओं में कोई सांप्रदायिक दृष्टिकोण नहीं था।’’
 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment