जनवरी में बारिश ने तोड़ा 122 साल का रिकॉर्ड

Last Updated 24 Jan 2022 04:32:01 AM IST

शनिवार को हुई बारिश ने पिछले 122 वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया। इतनी बारिश 1901 के बाद से अब तक कभी जनवरी में नहीं हुई है।


जनवरी में बारिश ने तोड़ा 122 साल का रिकॉर्ड

जनवरी माह में रविवार तक दिल्ली में 88.2 मिमी बारिश हो चुकी है जबकि रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में औसत बारिश का आंकड़ा 19.7 मिमी रहा।

बारिश के बाद यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 14.9 डिग्री सेल्सियस रह गया। आज यहां का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।  

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को यहां का तापमान 16 और 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा और शीतलहर के साथ कोहरा भी छाया रहेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को अभी कुछ दिन ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले 1995 और 1989 में जनवरी में ऐसी बारिश हुई थी।

मौसम वैज्ञानिक आरके जीणामणि ने कहा कि जनवरी 2022 की बरसात ने 122 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया क्योंकि जनवरी में अब तक 88.2 मिलीमीटर की बरसात हो चुकी है, जो 1901 के बाद मौसम के मौजूद डेटाबेस में सबसे ज्यादा है।

आंकड़ो के अनुसार 1995 में जनवरी महीने में 69 मिलीमीटर बारिश हुई थी। 1989 में कुल 79 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

दिल्ली में जनवरी में ठंड से 106 लोगों की मौत

दिल्ली में इस महीने ठंड की वजह से कम से कम 106 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर बेघर थे। गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) सेंटर फोर होलिस्टिक डेवलपमेंट ने यह दावा किया है।

एनजीओ ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिख कर उनसे सर्दियों के मौसम में ऐसे लोगों के लिए उपयुक्त इंतजाम करने का अनुरोध किया है।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) के अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि ठंड की वजह से ये मौतें हुई हैं।

हालांकि, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बेघरों की मौत का आंकड़ा सर्दियों के मौसम में बढ़ जाता है।

सहारा न्यूज ब्यूरो/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment