पीएम मोदी ने फोन कर जाना प्रकाश सिंह बादल का हाल, कोरोना संक्रमित हैं पंजाब के पूर्व सीएम

Last Updated 20 Jan 2022 11:59:28 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।


मोदी ने फोन कर जाना प्रकाश सिंह बादल का हाल (file photo)

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब में कई बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

आपको बता दें कि, 94 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोविड पॉजिटिव आने के बाद उन्हें लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ( डीएमसीएच ) में भर्ती कराया गया है।

प्रकाश सिंह बादल को पिछले 2-3 दिनों से बुखार और खांसी थी। इस वजह से उन्हें रूटीन चेकअप के लिए डीएमसीएच ले जाया गया। यहां उनका कोविड टेस्ट किया गया जिसमें उनकी रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।

पंजाब में विधान सभा चुनाव अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है। बताया जा रहा है कि शिरोमणि अकाली दल के सरंक्षक प्रकाश सिंह बादल एक बार फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पंजाब में कई दशकों बाद अकाली दल भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस , आम आदमी पार्टी और भाजपा-अमरिंदर सिंह-ढींढसा गठबंधन से मिल रही चुनौतियों के बीच अकाली दल के लिए 2022 का यह विधान सभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण हो गया है और इसलिए पार्टी अपने सबसे बड़े नेता को इस उम्र में भी चुनावी मैदान में उतारना चाहती है।

पंजाब में राज्य विधानसभा की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को चुनाव होना है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment