पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव तारीखों की घोषणा
केंद्रीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है।
![]() मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा |
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को शाम 4.30 बजे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा की।
उन्होंने यहां विज्ञान भवन में कहा कि पश्चिम बंगाल में आठ चरण में चुनाव आयोजित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में 27 मार्च, 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे। सभी चरणों के नतीजे एक साथ दो मई को आएंगे।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की घोषणा करते हुए सुनील अरोड़ा ने कहा कि राज्य में चुनाव केवल एक चरण में 6 अप्रैल को होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने केरल के लिए विधानसभा चुनाव की घोषणा की। राज्य में केवल एक चरण में 6 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने विज्ञान भवन में मीडिया को बताया कि असम में कुल तीन चरणों में चुनाव होंगे। सुनील अरोड़ा ने बताया कि असम में पहले चरण के लिए 2 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। 9 मार्च तक नामांकन होंगे और 27 मार्च को मतदान होगा। 2 मई को मतगणना होगी। असम में दूसरे चरण की अधिसूचना 5 मार्च को जारी होगी, 12 मार्च तक नामांकन और 1 अप्रैल को मतदान और 2 मई को काउंटिंग होगी। जबकि तीसरे चरण की अधिसूचना 12 मार्च को जारी होगी। 19 मार्च तक नामांकन, 6 अप्रैल को मतदान और 2 मई को काउंटिंग होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि कोरोना के कारण नई चुनौतियां सामने हैं, चुनाव में कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा। चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। यानी कानून व्यवस्था सहित अन्य सभी प्रशासनिक शक्तियां चुनाव आयोग के हाथों में आ जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने विज्ञान भवन में मीडिया को बताया कि कोरोना काल में बिहार विधानसभा चुनाव कराना ऐतिहासिक क्षण रहा। सुनील अरोड़ा ने कहा कि जून में 18 सीटों के राज्य सभा चुनाव भी हुए। सुनील अरोड़ा ने कोरोना काल में ड्यूटी करने वाले सभी चुनाव कार्मिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी चुनावी राज्यों का आयोग ने दौरा कर वहां सभी तरह की स्थितियों का परीक्षण किया है।
सुनील अरोड़ा, मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि असम में 2016 विधानसभा चुनाव में 24,890 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 33,530 होगी। तमिलनाडु में 2016 विधानसभा चुनाव में 66,007 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 88,936 होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस वार्ता में बताया कि केरल में पहले 21,498 चुनाव केंद्र थे, अब यहां चुनाव केंद्रों की संख्या 40,771 होगी। पश्चिम बंगाल में 2016 में 77,413 चुनाव केंद्र थे अब 1,01,916 चुनाव केंद्र होंगे।
| Tweet![]() |