देश में 16 लाख लोगों को लगा टीका

Last Updated 25 Jan 2021 01:16:51 AM IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि देश में टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक करीब 16 लाख से ज्यादा लोगों को टीके लग चुके हैं।


देश में 16 लाख लोगों को लगा टीका

शुरुआती छह दिनों में ही 10 लाख लोगों को टीके लगे। यह एक ऐसा आंकड़ा है जिसने अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है।
मंत्रालय के अनुसार रविवार शाम 7:30 बजे तक करीब 16,13,667 लाभार्थियों को टीके लगे हैं। पिछले 24 घंटे में देश भर में 3,512 सत्रों में करीब दो लाख (1,91,609) लोगों को टीके लगे। वहीं अभियान के नौवें दिन रविवार को शाम 7:30 बजे तक पांच राज्यों में 693 सत्रों में 31,466 लाभार्थियों को टीके लगाए गए।

मंत्रालय ने बताया कि देश में ‘जांच-संपर्क का पता-इलाज की रणनीति’ सफल रही है और देश में नए मामलों में लगातार कमी आने के साथ ही संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी उल्लेखनीय रूप से कम हुई है। देश में अभी 1,84,408 मरीजों का उपचार चल रहा है जो कि कुल मामलों का 1.73 फीसद है।
एक दिन में 15,948 ठीक हुए: देश में पिछले 24 घंटे में 15,948 मरीज संक्रमण मुक्त हुए जिसके बाद इलाज कर रहे मरीजों की संख्या में इस अवधि में सीधे तौर पर 1,254 मरीजों की कमी हुई। संक्रमण का इलाज कर रहे मरीजों में से 75 फीसद केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment