बिहार की जनता का ध्यान भटकाने के लिए सुशांत मामले में राजनीति कर रही जदयू और बीजेपी: कांग्रेस

Last Updated 07 Sep 2020 04:22:28 PM IST

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा बाढ एवं कोरोना वायरस संक्रमण से परेशान राज्य की जनता का ध्यान भटकाने के लिए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में राजनीति कर रहे हैं तथा इनके पास सिर्फ सुशांत और रिया चक्रवर्ती का एजेंडा है।


रणदीप सुरजेवाला (फाइल फोटो)

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि अभिनेत्री कंगना रनौत ने भाजपा के इशारे पर मुंबई को पीओके बताने वाला ‘अशोभनीय’ बयान दिया है।      

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार की जनता आज बाढ और कोरोना से पीड़ित है। रोजगार और रोटी के लिए लोग धक्के खा रहे हैं। नीतीश कुमार और भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं है। ये सरकार शासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही से पीठ दिखाकर भाग गई है।’’      

सुरजेवाला ने दावा किया, ‘‘ अब ध्यान भटकाने के लिए इनके पास सिर्फ सुशांत राजपूत और रिया चक्रवर्ती से जुड़ा एजेंडा है। इस मामले का सिर्फ राजनीतिकरण किया जा रहा है।’’    

 कंगना और शिवसेना नेताओं के बीच की जुबानी जंग पर कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी की आप कितनी भी आलोचना करें, लेकिन वो आपके आलोचना करने के अधिकार की रक्षा करेगी। यही महाराष्ट्र की हमारी गठबंधन सरकार का भी सिद्धांत है। अभिनेत्री भाजपा और मोदी जी के एजेंडे को लेकर चल रही हैं। इसके बावजूद उनके लिए उचित सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।’’      

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘देश की वित्तीय राजधानी मुंबई को पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) कहना अनुचित, असत्य और अशोभनीय है। कोई भी तार्किक व्यक्ति इसे स्वीकार नहीं कर सकता। इस तरह के बयानों को हम खारिज करते हैं।’’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment