देश में मात्र 13 दिनों में कोरोना मामले 40 लाख के पार, एक दिन में रिकॉर्ड 86 हजार से अधिक मरीज मिले
देश में मात्र 13 दिनों में कोविड-19 मरीजों की संख्या 30 लाख से 40 लाख के पार पहुंच गई, जिनमें से शनिवार को दर्ज 86,432 नये मामले भी शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में 1,089 मरीजों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकर अबतक देश में कुल 69,561 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
![]() देश में रिकॉर्ड 86 हजार से अधिक कोरोना मामले (प्रतिकात्मक फोटो) |
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार तक 31,07,223 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके साथ कोविड-19 मरीजों की ठीक होने की दर बढकर 77.23 प्रतिशत हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या बढकर 40,23,179 हो गई है।
मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,089 मरीजों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकर अबतक देश में कुल 69,561 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 10 लाख से 20 लाख तक पहुंचने में 21 दिनों का समय लगा जबकि 20 से 30 लाख मरीज होने में 16 और दिन लगे। हालांकि, संक्रमितों की संख्या 30 लाख से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिनों का समय लगा है।
मंत्रालय के मुताबिक, कोविड-19 मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे जबकि संक्रमितों की संख्या एक लाख से 10 लाख तक पहुंचने में 59 दिन लगे। आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 से मरने वालों की दर में और गिरावट आई है और अब यह 1.73 प्रतिशत रह गई है।
कोविड-19 से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 5,551 बढ़कर 2,11,325 हो गयी तथा 378 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 25,964 हो गया। इस दौरान 13,289 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 6,25,773 हो गयी। देश में सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं।
आंध्र प्रदेश में इस दौरान मरीजों की संख्या 1,454 कम होने से सक्रिय मामले 1,02,067 रह गये। राज्य में अब तक 4,276 लोगों की मौत हुई है। वहीं कुल 3,70,163 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।
दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 3,003 की वृद्धि हुई है और यहां अब 99,120 सक्रिय मामले हैं। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 6,170 पर पहुंच गया है तथा अब तक 2,74,196 लोग स्वस्थ हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि सात अगस्त को भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 20 लाख के पार चली गई जबकि 23 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 30 लाख को पार कर गई।
| Tweet![]() |