बुलंदशहर में साधुओं की हत्या पर प्रियंका गांधी का ट्वीट- राजनाति के बजाय कराएं निष्पक्ष जांच

Last Updated 28 Apr 2020 12:46:49 PM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के बुलंदरशहर में दो साधुओं की हत्या को लेकर मंगलवार को कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करा कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाए।


उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अप्रैल के पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ।’’

कांग्रेस की उत्तर प्रद्रेश प्रभारी प्रियंका ने कहा, ‘‘ बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।’’



उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना सरकार की ज़िम्मेदारी है।

गौरतलब है कि बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र के एक गांव में एक शिवमंदिर में मंगलवार तड़के दो साधुओं की हत्या कर दी गई।

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अनूप शहर थाना क्षेत्र स्थित फगौना गांव में एक शिव मंदिर में जगदीश (50) और शेर सिंह (52) नामक साधुओं की हत्या कर दी गई।

पुलिस ने इस घटना के आरोपी मुरारी को गिरफ्तार किया है।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment