कोरोना वायरस: मुंबई, पुणे समेत महाराष्ट्र के चार शहर 31 मार्च तक बंद

Last Updated 20 Mar 2020 03:11:36 PM IST

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में सभी कार्यस्थल 31 मार्च तक बंद रहेंगे।


मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो)

ठाकरे ने यहां पत्रकारों ने कहा कि यह बंद मुंबई, मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, पिंपरी चिंचवड़ और नागपुर में लागू होगा।     

उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यालय में 25 प्रतिशत उपस्थिति रहेगी।     

महाराष्ट्र में अभी तक कोरोना वायरस के 52 मामले सामने आए हैं और इस सप्ताह मुंबई में एक मरीज की मौत हो गई।     

ठाकरे ने कहा कि अधिकांश मरीज इन शहरों से हैं और उन्होंने विदेश की यात्रा की थी।     

टेलीविजन पर दिए संबोधन में ठाकरे ने कहा कि केवल अनिवार्य सेवाएं खुली रहेंगी जिसमें भोजन, दूध और दवाइयां शामिल हैं।     

उन्होंने कहा कि बैंक खुले रहेंगे। सरकारी कार्यालय में उपस्थिति को बारी-बारी से मौजूदा 50 फीसदी से 25 फीसदी तक किया जाएगा। पहले 50 फीसदी हाजिरी की घोषणा की गई थी।    

मुख्यमंत्री ने मुंबई में सार्वजनिक परिवहन के बंद होने से इनकार किया।     

उन्होंने कहा, ‘‘ट्रेन और बसें शहर की जीवनरेखा हैं और उन्हें रोका नहीं जा सकता। मुझे यह कदम उठाने की सलाह दी गई। लेकिन ऐसा करने से उन कार्यस्थलों पर आवाजाही प्रभावित होगी जो शहर को आवश्यक सेवाएं मुहैया कराते हैं।’’     

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को बंद करने का फैसला अभी तक नहीं लिया गया है।     

उन्होंने कहा कि लोगों ने घरों में रहने के उनके अनुरोध को माना है और ट्रेनों और बसों में पहले की तरह भीड़ नहीं है।     

ठाकरे ने कहा, ‘‘मैं नियोक्ताओं से यह सुनिश्चित करने की अपील करता हूं कि बंद की इस अवधि के दौरान उनके कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन दिया जाए।’’

उन्होंने कहा कि केवल मानवता ही सभी मुश्किलों से जीतेगी।     

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ वैश्विक युद्ध इतना है कि लोगों को जीने के लिए घरों में रहना होगा।

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment