भारत, अमेरिका आतंकवाद से लड़ाई को प्रतिबद्ध: ट्रंप

Last Updated 24 Feb 2020 11:22:36 AM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका अपने-अपने लोगों को कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद से सुरक्षा देने को प्रतिबद्ध हैं और दोनों देश अपने रक्षा संबंधों को विस्तार देने और एक ‘शानदार कारोबारी समझौते’ पर काम कर रहे हैं।


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचने पर ट्रंप ने कहा कि उनका देश भारत को पसंद करता है और उसका निष्ठावान मित्र बना रहेगा।

अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने दूसरों को अपनाने की भारत की महान परंपरा, कानून के शासन, हर इंसान के गरिमा के सम्मान का जिक्र किया और कहा कि यहां लोग सौहार्द के साथ अपने धर्म का पालन कर सकते हैं।       

अपनी पहली भारत यात्रा पर आने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ट्रंप और उनकी पत्नी की अगवानी की।       

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अहमदाबाद में मोटेरा स्टेडियम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा ‘‘मोदी एक अद्भुत नेता हैं, भारत के लिए दिन-रात काम करते हैं। अमेरिका हमेशा भारत का एक वफादार और निष्ठावान मित्र रहेगा।’’       

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका अपने लोगों को कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद से बचाने को प्रतिबद्ध हैं।’’     

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका आतंकवाद और उसकी विचाराधारा से लड़ने को प्रतिबद्ध हैं, इसीलिए मेरी सरकार आतंकवादी समूहों से निपटने के लिए पाकिस्तान के साथ काम कर रही है।’’     

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच स्वाभाविक और स्थायी मित्रता है और उनके देश के साथ संबंधों में भारत का विशेष स्थान है।      

मोटेरा स्टेडियम में पत्नी मेलानिया, पुत्री इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर की मौजूदगी में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भारत को पसंद करता है और उसका निष्ठावान मित्र बना रहेगा।   

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका के बीच स्वाभाविक और स्थायी मित्रता है। भारत व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कानून के शासन, हर इंसान की गरिमा का सम्मान करता है, यहां लोग सौहार्द के साथ अपने धर्म का पालन कर सकते हैं।’’     

उन्होंने कहा कि हम दुनियाभर में अपने गठबंधनों में तेजी से नई जान फूंक रहे हैं।      

ट्रंप ने कहा कि हम मंगलवार को तीन अरब डॉलर के रक्षा समझौते करेंगे। अमेरिका, भारत का प्रमुख रक्षा साझेदार बनेगा।      

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में मोदी के कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले 10 साल में आपके देश से अत्यधिक गरीबी दूर हो जाएगी।    

उन्होंने अपने भाषण की शुरूआत में कहा, ‘‘नमस्ते, यहां होना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है।’’   

ट्रंप ने कहा, ‘‘हम दुनियाभर में अपने गठबंधनों में तेजी से नई जान फूंक रहे हैं।’’    

उन्होंने कहा कि दोनों देश एक ‘शानदार कारोबार समझौते’ पर काम कर रहे हैं लेकिन वह (मोदी) सौदेबाजी में बहुत सख्त हैं।      

मोदी की प्रशांसा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस बात का उदाहरण हैं कि भारत कठिन परिश्रम से क्या हासिल कर सकता है।      

उन्होंने आतंकवाद को काबू में करने में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना की।     

ट्रंप ने कहा कि डीडीएलजे जैसी बेहतरीन रोमांटिक फिल्मों सहित भारत में हर साल 2000 फिल्में बनाई जाती हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में दिवाली और होली जैसे भारतीय त्योहारों का जिक्र किया। ट्रंप ने स्वामी विवेकानंद को भी उद्धृत किया।     

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा को भारत और अमेरिका के संबंधों में नया अध्याय करार देते हुए कहा कि यह दोनों देशों के लोगों की प्रगति और समृद्धि का एक नया दस्तावेज बनेगा।     

अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के स्वागत में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका के संबंध अब केवल गठजोड़ तक ही नहीं हैं। यह इससे काफी आगे और करीबी रिश्ते हैं।’’    

उन्होंने कहा कि आज मोटेरा स्टेडियम में एक नया इतिहास बन रहा है, आज हम इतिहास को दोहराते हुए भी देख रहे हैं।  

मोदी ने समारोह में मौजूद ट्रंप की पुत्री इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर का भी स्वागत किया।

ट्रंप और मोदी एक रोड शो और साबरमती आश्रम के दौरे के बाद यहां पहुंचे थे।

इससे पहले ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया भारत आने के बाद साबरमती आश्रम पहुंचे और वहां चरखा चलाया।     

अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आरंभ हुए रोड शो के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का काफिला आगे बढ़ा। ट्रंप दंपति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल साबरमती आश्रम पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही साबरमती आश्रम पहुंच गए थे।     

साबरमती आश्रम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को आश्रम का भ्रमण कराया।     

इस आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपने जीवन के 13 साल बिताए थे।    

ट्रंप ने आश्रम में आगंतुक पुस्तिका में लिखा, ‘‘मेरे महान मित्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, इस शानदार यात्रा के लिये आपको धन्यवाद।’’     

अमेरिकी राष्ट्रपति को आश्रम में महात्मा गांधी और आत्मनिर्भरता में चरखा के महत्व के बारे में बताया गया।     

ट्रंप भारत यात्रा के पहले चरण में सोमवार को अहमदाबाद पहुंचे।    

उनको और उनकी पत्नी मेलानिया को लेकर एयर फोर्स वन विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल हवाई अड्डे पर पूर्वाह्न 11 बज कर 37 मिनट पर उतरा जहां मोदी ने उनकी अगवानी की।   

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए सुबह अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंच गए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति के विमान से बाहर आने के बाद मोदी ने गले मिलकर उनका स्वागत किया।      

अहमदाबाद नगर निगम ने ट्रंप के इस रोड शो को यादगार बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।      

देश के विभिन्न नर्तक समूहों और गायकों की प्रस्तुतियों के साथ यह रोड शो 22 किलोमीटर का था।       

हवाई अड्डे से इंदिरा पुल होकर मोटेरा स्टेडियम जाने तक मार्ग में करीब 50 मंच बनाए गए थे।     

  

    

समयलाइव डेस्क/भाषा
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment