मौसम: दिल्ली में अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना, उत्तर भारत में शीतलहर

Last Updated 07 Jan 2020 10:58:31 AM IST

उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को बारिश का अंदेशा जाहिर किया है।


राष्ट्रीय राजधानी में साल के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड के बाद मंगलवार को तापमान में सुधार देखने को मिला और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को रिमझिम फुहारों का दौर चला। अगले 24 घंटों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बारिश होने की संभावना के साथ अगले तीन से चार दिनों में पारा फिर से लुढ़कने के आसार हैं।

सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर भारत में 7 से 9 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है, जिससे दिल्ली के तापमान में गिरावट आएगी।

इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ट्वीट किया था, "नवीनतम सैटेलाइट तस्वीरें उत्तर-पश्चिम भारत (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों) पर संवहनी बादल दिखाती है।"

मंगलवार को, शहर में 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने के आसार भी हैं।

उत्तर प्रदेश में बुधवार को बारिश आसार

उत्तर प्रदेश की राजधानी के आस-पास के इलाके में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने एक बार फिर बुधवार को बारिश का अंदेशा जाहिर किया है। इस कारण ठंड भी बढ़ेगी।

मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी-पश्चिमी की बजाय दक्षिणी पूर्वी हवा चलेगी। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही होने लगेगी। शाम को मौसम करवट ले लेगा। बुधवार को बारिश के आसार हैं। लिहाजा, ठंड फिर बढ़ सकती है। सोमवार को भी मेरठ समेत कई जिलों में बारिश हुई।

पंजाब, हरियाणा में बारिश की बौछारें

पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को बारिश हुई लेकिन न्यूनतम तापमान दोनों राज्यों में कई जगह सामान्य से कुछ डिग्री अधिक दर्ज किया गया।      

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 10.2, 10 और 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश : 10.2, 10.6, 9.7 और 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।  उन्होंने बताया कि अंबाला, हिसार और करनाल में क्रमश: 6.8 मिमी, 1.6 मिमी और आठ मिमी बारिश दर्ज की गई।    

वहीं पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक क्रमश: 8.6, 9.8 और 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया पठानकोट, आदमपुर, हलवारा, भटिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में तापमान क्रमश: 10.3, 10.2, 9.6, 9.2, 9.4 और 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।      

अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, आदमपुर, हलवारा, भटिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में बारिश क्रमश: 4.2 मिमी, आठ मिमी, 8.7 मिमी, छह मिमी, एक मिमी, एक मिमी, 18 मिमी, 12.9 मिमी और 7.6 मिमी दर्ज की गई।      

केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ में न्यूनतम तापमान सामान्य छह डिग्री अधिक 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यहां 8.6 मिमी बारिश हुई।
 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment