2019 का चुनाव जनता बनाम गठबंधन होगा : मोदी

Last Updated 02 Jan 2019 04:22:41 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नव वर्ष के पहले दिन न्यूज चैनलों पर प्रसारित साक्षात्कार में कई अहम सवालों के खुलकर जवाब दिये।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (file photo)

उन्होंने 2019 के चुनाव के बारे में कहा कि ये चुनाव जनता बनाम गठबंधन होगा। हम जनता के साथ हैं और देश की 130 करोड़ जनता यह अच्छी तरह जानती है कि मोदी सरकार ने पिछले पांच साल में क्या किया है। इसलिए वो हमारे साथ है और हम उनके साथ।

देश की जनता उनके साथ हरिगिज नहीं जो पहले केंद्र में और राज्यों में अलग अलग लूटते थे और अब एक साथ अपना अस्तित्व बचाने और लूट में साझेदारी का गठबंधन बना रहे हैं। इसी लिए मैं कहता हूं कि आने वाला लोकसभा चुनाव जनता बनाम गठबंधन होने वाला है।

क्या मोदी मैजिक खत्म हो रहा है इस सवाल के जवाब में कहा कि जो लोग यह बात कह रहे हैं कि वे ये मान रहे हैं कि मोदी मैजिक या मोदी लहर कोई चल रही है। ये वही लोग हैं जो 2014 में भी कहते थे कि 200 से कम सीटें मिलेंगी वही अब ये कह रहे हैं कि हमें 180 सीटों से कम मिलेंगी। ये लोग अपना भाव बना रहे हैं। ये कहेंगे तभी तो उनके पास लोग आएंगे। तभी तो अपने को खड़ा रख पाएंगे।

माब लिंचिंग का समर्थन नहीं हो सकता : पिछले चार साल से समाज और देश के लिए अहम मुद्दा बने मॉब लिंचिंग के सवाल पर उन्होंने कहा इसके किसी भी रूप में ठीक नहीं ठहराया जा सकता। इसकी जितनी भी निंदा हो कम है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा देश है जहां विभिन्न समुदायों, भाषाओं और संस्कृति वाले लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। इसकी पुरी दुनिया में प्रशंसा होती है। देश की महत्वपूर्ण धरोहर को संजोए रखने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा। एक दूसरे को उनकी भावनाओं का सम्मान करना होगा तभी इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। इसको लेकर जो सियासत होती है वो बेहद खतरनाक है।

जहां तक हमारे सबका साथ सबके विकास के मंत्र का सवाल है तो उनकी सरकार की जो भी योजनाएं हैं वे किसी विशेष समुदाय के लिए नहीं बल्कि हर समुदाय के लिए हैं। जब 18000 गांवों में बिजली पहुंचाई गई तो उसमें समुदाय को देखकर नहीं पहुंचाई गई। जब पांच करोड़ ग्रामीण महिलाओं को गैस के कनेक्शन दिये तो वो समुदाय को देख कर नहीं दिये गए। इसलिए यह कहना बिल्कुल गलत है कि उनकी सरकार में मुसलमानों में असुरक्षा की भावना है।

राजनीतिक हिंसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज दबाना गलत है। हमने और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बहुत सहा है। चाहे कोई भी पार्टी हो किसी को हिंसा का सहारा लेना नहीं चाहिए। इसकी इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। कांग्रेस मुक्त का मतलब कांग्रेस कल्चर मुक्त से है: कांग्रेस मुक्त भारत से उनका मतलब किसी पार्टी से देश को मुक्त करना नहीं, बल्कि जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद और करप्शन वाले कांग्रेसी कल्चर से मुक्त करने की बात करता हूं। मैं तो कहता हूं कि कांग्रेस को भी इस कल्चर से मुक्त होना होगा।

हम गठबंधन धर्म निभाना जानते हैं : मित्र दलों के अलग होने या विरोध में आवाज बुलंद करने पर उन्होंने कहा कि हम गठबंधन धर्म निभाना जानते हैं। 2014 में पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने सबको साथ लेकर सरकार बनाई। अब चुनाव आ रहे हैं। सब पार्टियां अपनी हैसियत और कद बढ़ाना चाहती हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है। हम उन्हें पूरा मौका देते हैं कि वे ताकतवर बनें जबकि जो कांग्रेस के साथ जो जाता है वो उसे खत्म करने का षडयंत्र करती है। क्षेत्रीय दलों की इच्छाओं को हम दबाते नहीं बल्कि उनका सम्मान करते हैं।

► और क्या बोले मोदी
-    केसीआर और मायावती एनडीए में शामिल होंगी यह बात मीडिया में बताने की नहीं
-    हमारी ज्यादातर योजनाएं मध्यम वर्ग और निचले तबके के लिए
-    आज भाजपा हर गांव और शहर की पार्टी है। तकरीबन सभी रियासतों में भाजपा के सांसद हैं
-    सोहराबुद्दीन पर सीबीआई अदालत का फैसला बताता है कि कौन संवैधानिक संस्थानों को दरहम बरहम कर रहा था
-    सीबीआई में झगड़ा हुआ तो हमने दोनों अफसरों को छुट्टी पर भेज दिया ताकि एजेंसी या देश को कोई नुकसान न हो
-    सर्जिकल स्ट्राइक और होंगे या नहीं यह मीडिया में बताने की बात नहीं
गंगा की सफाई को लेकर हमने एक ऐसे नाले का गंदा पानी रोका जो 120 साल से गंगा में गिर रहा था।
-    हमने एसी व्यवस्था की कि अब तक जो प्रयास गंगा की सफाई के लिए किये जाते थे उनमें सफलता नहीं मिलती थी, लेकिन अब जो प्रयास किये जा रहे हैं उनके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment