अमेरिकी कांग्रेस को दूसरी बार संबोधित करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वह अमेरिकी कांग्रेस को दूसरी बार संबोधित करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं और इस ऐतिहासिक संयुक्त संबोधन में शामिल होने के लिए इसके सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हैं।
![]() प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया जहां उन्होंने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय गठजोड़ की अपनी दृष्टि पेश की। मोदी ऐसे पहले भारतीय नेता है जिन्हें अमेरिकी कांग्रेस को दो बार संबोधित करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने पहली बार वर्ष 2016 में अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इसमें शामिल होने वाले सभी सदस्यों का आभार।
आपकी उपस्थिति से बेहतर भविष्य के लिए हमारी साझी प्रतिबद्धता और भारत-अमेरिका संबंधों की ताकत प्रदर्शित होती है। अंग्रेजी में करीब एक घंटे के संबोधन में मोदी ने कहा कि प्रत्येक भारतीय प्रधानमंत्री और हर अमेरिकी राष्ट्रपति ने अतीत में हमारे द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाया है।
मोदी ने कहा, लेकिन हमारी पीढ़ी को इसे महान ऊंचाइयों तक ले जाने का सम्मान मिला। मैं राष्ट्रपति बाइडन से सहमत हूं कि यह इस शताब्दी का एक महत्वपूर्ण गठजोड़ है। प्रधानमंत्री मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट में अमेरिकी संसद के स्पीकर केविन मैक्कार्थी, सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के नेता मिच मैक्कोनेल, सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर सहित कई अन्य जानी मानी हस्तियों का उनकी टिप्पणियों के लिए आभार प्रकट किया।
प्रतिनिधि सभा के स्पीकर की टिप्पणी पर मोदी ने कहा, आपका गर्मजोशी भरा स्वागत काफी प्रशंसनीय है स्पीकर मैक्कार्थी। हमारे द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने और दोनों देशों के बीच और मजबूत संबंध बनाने के लिए उत्सुक हूं।
मैक्कार्थी को संयुक्त सत्र की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के हस्ताक्षर युक्त संबोधन की प्रति प्राप्त करते देखा गया। मोदी ने ट्वीट किया, धन्यवाद उपराष्ट्रपति कमला हैरिस। इस शताब्दी में हमारे गठजोड़ की वास्तव में असीम क्षमता है। भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में हमारा सहयोग बढ़ने को लेकर मैं समान रूप से उत्साहित हूं।
| Tweet![]() |