युद्ध में और अधिक घातक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है रूस : यूक्रेन

Last Updated 13 Jun 2022 05:03:02 AM IST

यूक्रेन और ब्रिटेन के अधिकारियों ने शनिवार को चेतावनी दी कि रूसी सेना बड़े पैमाने पर तबाही मचाने वाले घातक हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना बना रही है।


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

उन्होंने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन के पूर्वी हिस्सों पर कब्जा करने के उद्देश्य से और अधिक घातक हथियारों का इस्तेमाल कर सकती है, क्योंकि लंबे समय से चले आ रहे युद्ध के कारण दोनों ही देशों के संसाधनों में कमी आई है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस बात की आशंका है कि रूसी बमवषर्क विमान यूक्रेन में जहाज-रोधी मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन मिसाइलों का इस्तेमाल पहली बार 1960 के दशक में किया गया था।

केएच-22 मिसाइलों को प्रमुख रूप से विमान वाहक युद्धपोतों को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया था, जिसमें परमाणु हथियार का इस्तेमाल किया जाता है। जब पारंपरिक रूप से केएच-22 मिसाइलों का इस्तेमाल जमीनी हमलों में किया जाता है, तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं और बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान भी हो सकता है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार रूस 5.5 टन वजन वाली जहाज-रोधी मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है।

कोई नहीं जानता कि यूक्रेन में युद्ध कब तक चलेगा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि कोई नहीं जानता कि उनके देश में युद्ध कितने समय तक चलेगा, लेकिन यूक्रेनी सेना रूसी सैनिकों का पूर्वी यूक्रेन में मुकाबला कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर रही है। जेलेंस्की ने अपने वीडियो संबोधन में कहा कि उन्हें डोनबास क्षेत्र में रूसी सैनिकों को रोकने के लिए लड़ रहे यूक्रेन के अपने रक्षकों पर गर्व है।

उन्होंने कहा, ‘याद रखें कि मई की शुरुआत में उन्होंने डोनबास पर कब्जा करने की किस तरह से उम्मीद की थी।’ उन्होंने कहा कि यह युद्ध का 108वां दिन है और युद्ध की शुरुआत में यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा करने में विफल रहने के बाद रूस ने बड़े पैमाने पर रूसी-भाषी डोनबास के हिस्सों के अलावा देश के दक्षिणी तट पर कब्जा करने पर ध्यान केंद्रित किया। जेलेंस्की ने कहा कि जब युद्ध का अंत दिखाई नहीं दे रहा है, तो यूक्रेन को अपनी रक्षा करने के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।

अलगाववादी घोषित लुहान्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के प्रमुख लियोनिद पासेचनिक ने कहा कि यूक्रेनी लड़ाके शहर के एक औद्योगिक क्षेत्र में बने हुए हैं, जिसमें एक रासायनिक संयंत्र भी शामिल है जहां नागरिकों ने रूसी गोलाबारी के चलते शरण ली थी। पासेचनिक ने शनिवार को कहा कि सिविएरोडोनेत्स्क पूरी तरह से मुक्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूक्रेन के सैनिक अजोट संयंत्र से शहर पर गोलाबारी कर रहे हैं।

एपी
कीव


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment