Sonakshi Sinha Birthday : पिता शत्रुघ्न सिन्हा से किए वादे के कारण ‘दबंग गर्ल’ नहीं करती ये काम

Last Updated 02 Jun 2023 12:16:15 PM IST

'दबंग गर्ल' के नाम से पॉपुलर सोनाक्षी सिन्हा आज अपना 36वां बर्थडे मना रही हैं। सोनाक्षी का जन्म 2 जून 1987 को पटना , बिहार में फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा के घर हुआ।


फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के घर में जन्मी सोनाक्षी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं।  सोनाक्षी सिन्हा  ने 2010 की फ़िल्म 'दबंग' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने सलमान खान के साथ अभिनय किया। फ़िल्म दबंग 2010 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी। साथ ही सोनाक्षी ने रज्जो पांडे के किरदार के लिए बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।

कम ही लोगों को पता है कि सोनाक्षी ने अपने करियर की शुरुआत कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में की थी। सोनाक्षी ने मुंबई के आर्य विद्या मंदिर से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद मुंबई के ही नाथीबाई दामोदर ठाकरे महिला विश्वविद्यालय से फैशन डिजाइनिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है। सोनाक्षी ने 2005 में आई फिल्म ‘मेरा दिल लेकर देखो’ में कॉस्ट्यूम डिजाइन करके कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।

कहा जाता है कि पिता शत्रुघ्न सिन्हा नहीं चाहते थे कि सोनाक्षी फिल्मों में काम करे लेकिन सलमान खान ने उन्हें मना लिया था। कहा जाता है कि सोनाक्षी ने फिल्मों में आने से पहले अपने पिता से वादा किया था कि वो अपने परिवार के मान सम्मान का ख्याल रखेंगी और यही वजह रही है कि वो फिल्मों में बिकनी या किस वाले सीन नहीं करती।

वर्तमान की बात करें तो बॉलीवुड की ‘दबंग गर्ल’ सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में वेब सीरीज ‘दहाड़’ से ओटीटी डेब्यू किया है। इस वेब सीरीज में उन्होनें अपने एक्टिंग से सबको अपना मुरीद बना लिया है।

सोनाक्षी कई सुपरहिट फिल्मों में नजर आई हैं, जिसमें राउडी राठौर, सन ऑफ सरदार, दबंग 2, लुटेरे, वन्स अपॉन आ टाइम इन मुम्बई, दोबारा, दबंग 3, हॉलिडे, अकीरा और भुज जैसी फिल्में हैं।

दहाड़’ की सफलता के बाद सोनाक्षी सिंहा अपने नए घर में शिफ्ट हुई हैं। तब एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने नए घर में  शिफ्ट होने पर आई मुश्किलों के बारे में बताया था।

हाल ही में एक्ट्रेस ने  एक इंटरव्यू में अपने बर्थडे से जुड़ी कुछ खास बातें शेयर की हैं। सोनाक्षी ने कहा कि वह हर साल अपने जन्मदिन पर कहीं घुमने जाती हैं, पर इस बार एक्ट्रेस का बर्थडे प्लान थोड़ा अलग है। इस बार एक्ट्रेस बर्थडे के दिन वह अपने करीबी दोस्तों के साथ समय बिताना चाहती हैं क्योकि इन दिनों वो एक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं जिसकी वजह से  घूमने नहीं जा सकती ।

अगर वर्क फ्रंट पर बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘हीरामंडी’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म का ऑडियंस को काफी लंबे समय से इंतजार है।
 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment