शहर में आज हालात बिल्कुल बदतर हो गये हैं : अर्जुन रामपाल

Last Updated 02 Nov 2019 03:23:51 PM IST

अर्जुन रामपाल शनिवार को दिल्ली पहुंचे और कहा है कि यहां की हवा बिल्कुल सांस लेने के काबिल नहीं है।


अभिनेता अर्जुन रामपाल(फाइल फोटो)

अभिनेता अर्जुन रामपाल ने कहा है कि दिल्ली की हवा ‘‘बिल्कुल सांस लेने के लायक’’ नहीं है और उनका मानना है कि अब समय आ गया है कि राष्ट्रीय राजधानी को बचाने के लिये लोग सही कदम उठायें।      

रामपाल शनिवार को दिल्ली पहुंचे और ट्विटर पर उन्होंने अपनी हालत बयां की।      


उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अभी अभी दिल्ली पहुंचा हूं। यहां की हवा बिल्कुल सांस लेने के काबिल नहीं है। शहर की आज जो हालत हो गयी है वह वाकई में बदतर है। प्रदूषण साफ नजर आ रहा है, चारों ओर गहरा धुंध छाया हुआ है। लोगों ने मास्क पहन रखा है। आखिर किसी को जागने के लिये और सही कदम उठाने के लिये कितनी और आपदाओं की जरूरत है? अगर हमलोग गलत हों तो बताइये? दिल्ली बचाओ।’’    

आधिकारिक आंकड़े के अनुसार शहर का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 10 बजे तक 407 था। शुक्रवार को शाम चार बजे यह 484 था।    

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रणबोर्ड (सीपीसीबी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में शनिवार सुबह 10 बजे एक्यूआई क्रमश: 459 और 452 था और शुक्रवार शाम चार बजे यह 496 था। 

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’,101 और 200 के बीच ‘मध्यम’,201 और 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब’ और 401 एवं 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है। 

राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के बढते प्रकोप को देखते हुए सरकार पहले ही पांच नवम्बर तक सभी स्कूलों के बंद रहने का एलान कर चुकी है। वहीं पांच नवम्बर तक सभी प्रकार के निर्माण कायरें पर भी रोक लगी है। 

पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम व नियंत्रण) प्राधिकरण (ईपीसीए) ने दिल्ली-एनसीआर में जन स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा भी की है। पूरी ठंड में पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध है।   

मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि हवा की गति में थोड़ा सुधार है और धीरे-धीरे यह बढ सकती है। रविवार से मंगलवार तक इस क्षेत्र में 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चलने की संभावना है। 

मौसम कार्यालय ने कहा कि चक्रवात ‘महा’ और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में सात और आठ नवम्बर को बारिश होने की संभावना है।    

उन्होंने कहा कि हालांकि हल्की बारिश होगी लेकिन यह जल रही पराली के प्रभाव को कम करने के संदर्भ में महत्वपूर्ण होगी और प्रदूषकों को भी दूर करेगी।

दिल्ली में बृहस्पतिवार देर रात को एक्यूआई ‘गंभीर से अधिक’या'आपात’ श्रेणी में दर्ज किया गया था,ऐसा इस साल जनवरी के बाद से पहली बार हुआ है।      

 

 

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment