Aus vs SA: दक्षिण अफ्रीका में दर्शकों की हूटिंग झेलने को तैयार वार्नर, स्मिथ

Last Updated 14 Feb 2020 12:13:17 PM IST

गेंद से छेड़खानी मामले के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में खेलने जा रहे आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ दर्शकों की हूटिंग झेलने को तैयार है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि दर्शक उनके लिये थोड़ा सम्मान दिखायेंगे।


दो साल पहले दोनों ने आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका में खेला था। उस समय केपटाउन टेस्ट में ही गेंद से छेड़खानी मामले में दोनों पर प्रतिबंध लगाया गया था। दोनों ने वापसी के बाद शानदार खेल दिखाया है। वार्नर को आस्ट्रेलिया का साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर भी चुना गया जबकि स्मिथ दूसरे स्थान पर रहे।   

विश्व कप और एशेज सीरीज में दोनों को दर्शकों की हूटिंग झेलनी पड़ी थी। अब दक्षिण अफ्रीका में भी ऐसा ही नजारा मिलने की संभावना है।     

वार्नर ने सिडनी रेडियो टूजीबी से कहा ,‘‘मुझे उतना फर्क नहीं पड़ता। मैं मैदान पर उतरकर रन बनाने और आस्ट्रेलिया को जिताने के लिये खेलूंगा ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इंग्लैंड में हमने उसका सामना किया। उम्मीद है कि हमारे लिये थोड़ा सम्मान दिखाया जायेगा।’’      

वार्नर और स्मिथ आस्ट्रेलिया की टी20 और वनडे दोनों टीमों में है।
 

एएफपी
सिडनी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment