WTO में विवाद खत्म करेंगे भारत-अमेरिका

Last Updated 24 Jun 2023 09:31:30 AM IST

भारत और अमेरिका विश्व व्यापार संगठन (WTO) में छह व्यापार विवादों को समाप्त करने पर सहमत हुए हैं।


इसके साथ ही नई दिल्ली बादाम, अखरोट और सेब जैसे 28 अमेरिकी उत्पादों पर प्रतिशोधात्मक सीमा शुल्क भी हटाएगी। अमेरिका ने एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा के बीच आया है।

अमेरिका ने 2018 में राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर कुछ इस्पात और एल्यूमीनियम उत्पादों पर क्रमश: 25 प्रतिशत और 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया था। जवाबी कार्रवाई में भारत ने जून 2019 को चना, दाल, बादाम, अखरोट, सेब, बोरिक एसिड और डायग्नोस्टिक अभिकर्मकों सहित 28 अमेरिकी उत्पादों पर सीमा शुल्क लगाया।

एक बयान के मुताबिक, अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने शुक्रवार को घोषणा की कि संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत गणराज्य विश्व व्यापार संगठन में छह बकाया विवादों को समाप्त करने पर सहमत हुए हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा की धारा 232 के तहत इस्पात और एल्युमीनियम पर लगाए गए शुल्क के बदले भारत ने प्रतिशोधात्मक सीमा शुल्क को खत्म करने पर भी सहमति जताई। ताई ने कहा, आज का समझौता हमारे आर्थिक और व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए पिछले दो वर्षों से जारी द्विपक्षीय जुड़ाव को दर्शाता है।

दोनों देश WTO में जिन छह विवादों को हल करने पर सहमत हुए हैं, उनमें से तीन भारत ने शुरू किए थे, जबकि इतने ही अमेरिका ने। विशेषज्ञों ने कहा कि डब्ल्यूटीओ में व्यापार विवादों को खत्म करने के भारत और अमेरिका के फैसले से द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

आईएएनएस
वाशिंगटन/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment