पहली बार 400 अरब डॉलर का निर्यात
भारत ने निर्धारित समय से नौ दिन पहले ही 400 अरब डॉलर का उत्पाद निर्यात लक्ष्य हासिल कर लिया है।
![]() पहली बार 400 अरब डॉलर का निर्यात |
यह पहला मौका है जब भारत ने 400 अरब डॉलर का उत्पाद निर्यात किया है। चालू वित्त वर्ष में भारत का निर्यात 37 प्रतिशत बढ़कर 400 अरब डॉलर पर पहुंच चुका है। वित्त वर्ष 2020-21 में यह 292 अरब डॉलर रहा था। निर्यात के मामले में भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018-19 में 330.07 अरब डॉलर का रहा था।
भारत ने वित्त वर्ष 2021-22 में औसतन 33 अरब डॉलर के उत्पाद हर महीने निर्यात किए। इस तरह हर दिन एक अरब डॉलर से अधिक मूल्य के उत्पादों का निर्यात औसतन किया गया। निर्यात वृद्धि में खास तौर पर पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, इंजीनियरिंग उत्पाद, चमड़ा, कॉफी, प्लास्टिक, रेडीमेड परिधान, मांस एवं दुग्ध उत्पाद, समुद्री उत्पाद और तंबाकू की अहम भूमिका रही है।
पीएम ने की तारीफ, कहा-आत्मनिर्भर भारत बनाने में अहम पड़ाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को मिली इस कामयाबी की तारीफ करते हुए बुधवार को कहा कि देश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने में यह एक अहम पड़ाव है। प्रधानमंत्री ने अपने एक ट्वीट में कहा कि भारत ने 400 अरब डॉलर के उत्पाद निर्यात का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा था।
पहली बार इस मुकाम को हासिल कर लिया है। उन्होंने इस सफलता पर किसानों, कारीगरों, एमएसएमई, विनिर्माताओं, निर्यातकों को बधाई दी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कुछ ग्राफिक्स भी साझा किए हैं जिनमें भारत को अब तक का सर्वाधिक निर्यात लक्ष्य हासिल करने का उल्लेख है।
| Tweet![]() |