टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने लगवाया कोविड-19 का टीका, शेयर की तस्वीर

Last Updated 02 Mar 2021 11:58:47 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने मंगलवार को यहां एक अस्पताल में कोविड-19 का टीका लगवाया।




रवि शास्त्री ने लगवाया कोविड-19 का टीका

शास्त्री ने सहयोग और समर्थन के लिए अपोलो अस्पताल के स्टाफ को धन्यवाद दिया। वह 58 बरस के हैं।    

इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 टीके की पहली डोज लग गई। चिकित्सा पेशेवरों और वैज्ञानिकों को धन्यवाद जिन्होंने महामारी के खिलाफ भारतीय झंडा बुलंद किया।’’            

भारत में सोमवार से दूसरे चरण के टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई जिसमें इसके दायरे को बढाते हुए वरिष्ठ नागरिकों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को भी टीके लगाए जा रहे हैं।        

शास्त्री ने लिखा, ‘‘कांताबेन और उनकी टीम ने अहमदाबाद के अपोलो अस्पताल में कोविड-19 टीकाकरण के दौरान जो पेशेवरपन दिखाया उससे काफी प्रभावित हूं।’’          

      

अभी हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि भारतीय टीम के सहयोगी स्टाफ के किसी अन्य सदस्य को भी टीका लगा है या नहीं।        

भारतीय क्रिकेट टीम यहां इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में खेल रही है।         

चौथा और अंतिम टेस्ट अहमदाबाद में गुरुवार से खेला जाएगा। भारत अभी श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रहा है।
 

भाषा
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment