उत्तर प्रदेश मतगणना : शुरूआती रूझानों में BJP को 4, SP को 2, BSP को 1 सीट पर बढ़त
उत्तर प्रदेश की सात रिक्त सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरूआती रूझानों में सात में से चार सीट पर भाजपा, दो पर सपा तथा एक पर बसपा ने बढ़त बना ली है।
![]() |
घाटमपुर सीट पर बढ़त पर चल रहे भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान को बसपा के कुलदीप शंखवार ने पीछे छोड़ दिया है। यहां पहले चक्र में कुलदीप शंखवार को 1341, भाजपा के उपेंद्र नाथ को 1169, समाजवादी पार्टी के इंद्रजीत कोरी को 950 और कांग्रेस के कृपाशंकर को 263 वोट मिले हैं।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम से पहले चक्र की गिनती हो रही है। इनमें सातों सीट में पहले चरण की गणना के बाद भाजपा 4 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। सपा एक सीट और बसपा भी एक सीट पर आगे है। जबकि कांग्रेस का अभी तक कहीं खाता नहीं खुला है।
देवरिया, टूंडला, बुलंदशहर, और बंगरमऊ पर भाजपा आगे है। अमरोहा की नौगवां सीट से सपा आगे है। कानपुर की घाटमपुर सीट से बसपा आगे चल रही है। जबकि जौनपुर की मल्हनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह आगे चल रहे हैं।
बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय लोकदल को समर्थन दिया है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी पहले तथा बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर है। जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भिड़ंत बेहद रोचक हो गई है। यहां पर पोस्टल बैलट में आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के लकी यादव को निर्दलीय धनंजय सिंह ने पीछे छोड़ दिया है। जौनपुर से सांसद रहे दबंग धनंजय सिंह आगे निकले हैं। धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के लकी यादव को पीछे छोड़ दिया है, जो अपने पिता पारसनाथ यादव की विरासत को बचाने मैदान में उतरे हैं। पहले चक्र में धनंजय सिंह ने दो सौ वोट की बढ़त बनाई है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी मनोज सिंह की हालत बेहद खराब है। वह तीसरे स्थान पर है।
ज्ञात हो कि जिन सात सीटों के परिणाम आने हैं, उसमें से 6 सीटों पर 2017 में भाजपा ने कब्जा किया था। एक सीट सपा के खाते में गई थी।
सभी सीटो पर नतीजे दोपहर बाद तक आने की संभावना है।
देवरिया सदर,बुलंदशहर,कानपुर की घाटमपुर (सु),अमरोहा की नौगावां सादात,फिरोजाबाद की टूंडला (सु),उन्नाव की बांगरमऊ और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवम्बर को वोट डाले गये थे। इन सीटों पर कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है हालांकि अधिसंख्य सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा),समाजवादी पार्टी(सपा),बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। मतगणना के एक घंटे के भीतर रुझान आने की उम्मीद है।
वर्ष 2017 में हुये आम चुनाव में इन सात सीटों में छह में भाजपा और एक में सपा ने जीत हासिल की थी। बुंलदशहर, टूंडला और घाटमपुर में भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे थे वहीं बसपा दूसरे नम्बर पर रही थी जबकि नौगवां सादात, देवरिया और बांगरमऊ में भी भाजपा को जीत मिली थी और सपा उम्मीदवार दूसरे नम्बर पर रहे थे। जौनपुर के मल्हनी में सपा जीती थी जबकि निषाद पार्टी दूसरे नम्बर पर रही थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत 10 प्रतिशत कम था।
मतगणना के लिये त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम किये गये है। मतों की गिनती कोविड प्रोटोकाल के तहत सम्पन्न होगी। मतगणना केन्द्र पर आउटर कार्डन,इनर कार्डन और आइसोलेशन कार्डन का घेरा बनाया गया है। मतगणना केन्द्र पर अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश निषेध होगा।
इस चुनाव में प्रत्याशियों की जीत हार से पार्टी विशेष को कोई फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन 2022 के आम चुनाव से पहले हो रहे उपचुनाव में भाजपा और सपा प्रतिष्ठा की कसौटी पर परखी जायेंगी वहीं बसपा और कांग्रेस उपचुनाव के जरिये मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने की कोशिश में है।
| Tweet![]() |