राजस्थान विधानसभा चुनाव: बीजेपी का महाजनसंपर्क अभियान शुरु

Last Updated 02 Nov 2018 01:06:32 PM IST

राजस्थान में आगामी सात दिसम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी गतिविधियां तेज करते हुए पार्टी के प्रचार एवं प्रसार के लिए आज से तीन दिवसीय महाजनसंपर्क अभियान शुरु किया।


बीजेपी के राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर (फाइल फोटो)

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं भाजपा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने राजधानी जयपुर में आराध्य देव गोविंद देवजी मन्दिर में पूजा-अर्चना कर इसकी शुरूआत की।

इस अवसर पर जावड़ेकर ने मीडिया से कहा कि आज से शुरु किया गया जनसंपर्क अभियान तीन दिन चलेगा और इस दौरान हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से जनसंपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 52 हजार बूथों के करीब दस लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर मुख्यमंत्री वसुधरा राजे एवं प्रदेश अध्यक्ष सैनी का पा देंगे। उन्होंने कहा कि न केवल पत्र ही देंगे बल्कि इस दौरान लोगों से संवाद साधेंगे और केन्द्र की मोदी एवं राज्य की वसुंधरा सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताकर वोट डालने का आग्रह करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस दौरान कार्यकर्ता केन्द्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजना के साथ राज्य सरकार की भामाशाह, राजस्व, जलस्वावलम्बन योजना, किसानों का कर्ज माफ आदि के बारे में लोगों को बताया जायेगा। इसी तरह इस दौरान यह भी बताया जायेगा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि केंद्र से जनता के विकास के लिए एक रुपया गांव जाता है लेकिन जनता तक मात्र पन्द्रह पैसे ही पहुंचते हैं लेकिन मोदी सरकार के समय केन्द्र के पूरे पैसे लोगों तक पहुंच रहे हैं।

इसी तरह उदयपुर से राज्य के गुलाब चंद कटारिया ने इस अभियान की शुरुआत की जबकि बीकानेर से केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंदिर में पूजा अर्चना के बाद इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मेघवाल ने मीडिया से कहा कि हर घर भाजपा, घर घर भाजपा के मकसद के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई और कार्यकर्ता घर घर जाकर पार्टी का प्रचार एवं प्रसार करेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी में अभी मंथन का दौर जारी हैं तथा अभी इसका एक दौर पूरा हुआ हैं। उन्होंने एक सवाल पर कांग्रेस को नेतृत्वहीन पार्टी बताते हुए कहा कि उसके पास चुनाव में कोई चेहरा नहीं हैं।      

इसी तरह राज्य के विभिन्न स्थलों पर पार्टी के विभिन्न नेताओं के द्वारा इस अभियान की शुरुआत की गई। अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारियों की जिलेवार जिम्मेदारी तय की गई है।
  
इस अभियान के बाद भाजपा परिवार मिलन कार्यक्रम, प्रबुद्ध नागरिक स्नेह मिलन तथा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित करेगी।

 

वार्ता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment