हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बाइक को टक्कर मारने के बाद बस में लगी आग, 20 लोगों की दर्दनाक मौत; राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Last Updated 24 Oct 2025 09:53:07 AM IST

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस में भीषण आग लग गई। हैदराबाद से बैंगलोर जा रही बस में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भीषण बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया।

कुछ शव इतने जल चुके थे कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण अधिकारियों को मृतकों के डीएनए नमूने एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाना पड़ा।

एक अधिकारी ने बताया कि कई यात्री इस दुर्घटना में बच नहीं पाए क्योंकि यह रात में उस समय हुई जब वे सो रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने अनुग्रह राशि की घोषणा भी की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल कुरनूल में चिन्नातेकुर के पास बस से टकरा कर उसके नीचे आ गई और उसका ईंधन टंकी का ढक्कन खुल गया।

कुरनूल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोया प्रवीण ने ‘न्यूज एजेंसी’ को बताया, ‘‘अब तक जली हुई बस से 19 शव निकाले जा चुके हैं। बाइक सवार का शव मुर्दाघर में है।’’ उन्होंने कहा कि हताहतों और जीवित बचे लोगों की पूरी स्थिति, पूरी जांच और दुर्घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान के बाद ही सामने आएगी।

पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और बस कुछ ही मिनट में पूरी तरह जल गई। पुलिस ने बताया कि अधिकतर जीवित बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच है।

जिला कलेक्टर ए. सिरी ने बताया कि बस में 41 लोग सवार थे, जिनमें चालक भी शामिल था। बस में सवार 41 लोगों में से 21 का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बच गए लोगों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

उन्होंने बताया कि कई यात्री इस हादसे के बाद बस से बाहर नहीं निकल पाये क्योंकि यह रात में हुआ जब वे सो रहे थे। उन्होंने बताया कि बस का दरवाजा तुरंत नहीं खुला क्योंकि कुछ तार कट गए थे जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। सिरी ने बताया कि अधिकतर यात्री हैदराबाद के थे।

अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि बस पड़ोसी राज्य तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी।

प्रवीण ने बताया कि पुलिस सुरक्षा एहतियात बरत रही है और बस का डीजल टैंक खाली कर रही है। प्रवीण ने बताया कि इस बीच, जले हुए शवों के डीएनए नमूने लेने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है।

डीआईजी ने कहा कि जिस बस में आग लगी, उसमें अग्नि नियंत्रण के कोई उपाय मौजूद नहीं थे, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा अनुपालन और आपातकालीन तैयारियों में खामियों का पता चलता है।
 


राष्ट्रपति ने आंध्र प्रदेश में बस अग्निकांड में हुई मौतों को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में एक बस में आग लगने के कारण लोगों की हुयी मौत पर शोक प्रकट किया और इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक दुखद बस अग्निकांड में हुई मौतों की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिये प्रार्थना करती हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कुरनूल जिले में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बस में आग लगने की घटना में कई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों से बात की और दुर्घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी उच्च-स्तरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर बचाव कार्यों में शामिल होने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि घायलों और पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। घायलों को बेहतर चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाना चाहिए।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

रेड्डी ने कुरनूल के पड़ोसी तेलंगाना के गडवाल जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को राहत कार्यों के तहत दुर्घटना स्थल का दौरा करने का निर्देश दिया।

तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही निजी बस के यात्रियों के परिजनों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है।

सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मदद के लिए उसके अधिकारियों - एम श्रीरामचंद्र और ई चिट्टीबाबू से संपर्क किया जा सकता है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भी इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त किया।
 

शुरुआती खबर के अनुसार, एक मोटरसाइकिल और बस की टक्कर हो गई और मोटरसाइकिल के बस के नीचे आने के बाद दोपहिया वाहन घसीटा गया और उसके ईंधन का ढक्कन खुलने से बस में आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनट में वाहन जलकर खाक हो गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में जीवित बचे अधिकतर लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच है।

 

भाषा
कुरनूल (आंध्र प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment