मुंबई में भारी बारिश के आसार, सात झीलें 68 फीसदी तक भरीं; ठाणे में उफनते नाले में गिरने से एक व्यक्ति बहा

Last Updated 28 Jul 2023 03:44:55 PM IST

मुंबई और उसके उपनगरों को पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद शुक्रवार को कुछ राहत मिली। हालांकि शहर में दोपहर तक रूक रूक कर मध्यम से भारी बारिश हुई।


अधिकारियों ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से मुंबई को पेयजल आपूर्ति करने वाली वाली सात झीलों में पानी का स्तर बढ़ गया। शुक्रवार की सुबह इन झीलों में कुल क्षमता का 68 फीसदी तक पानी भर चुका है और चार झील पूरे उफान पर हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश की तीव्रता कम होने की वजह से महानगर में कहीं भी अधिक जलभराव होने की खबर नहीं है।

कुछ वाहन चालकों ने पूर्वी और पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर यातायात धीमी गति से चलने की शिकायत की है, लेकिन चेंबूर को दक्षिण मुंबई को जोड़ने वाले ईस्टर्न ‘फ्रीवे’ पर कोई समस्या नहीं देखी गई।

शहर की यातायात पुलिस ने बताया कि सुबह नवी मुंबई के उरण फाटा में रसायन ले जा रहे एक टैंकर के पलट जाने के बाद सायन-पनवेल राजमार्ग पर यातायात जाम हो गया।

एक स्थानीय निकाय अधिकारी ने बताया ‘‘सुबह बारिश की तीव्रता कम थी और कहीं से भी जलजमाव की सूचना नहीं है। शहर के अधिकतर हिस्सों में आज हल्की बारिश हुई, और बीच-बीच में मध्यम तथा भारी बारिश भी दर्ज की गई।’’ उन्होंने बताया कि आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी कर शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

अधिकारी ने बताया कि 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान द्वीप शहर में 100.82 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 94.79 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 129.12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

उफनते नाले में गिरने से तेज बहाव में व्यक्ति बहा

ठाणे शहर के कलवा में 45 वर्षीय एक व्यक्ति फिसलकर उफनते नाले में गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना गुरूवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई।

कलवा थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित की पहचान रमेश तकी के रूप में हुई है जो महात्मा फुले नगर इलाके में टहल रहा था। तभी वह दुर्घटनावश फिसल कर नाले में गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया।’’ उन्होंने कहा कि स्थानीय दमकल केंद्र और ठाणे नगर निकाय के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के कर्मियों ने तलाश अभियान शुरू किया लेकिन रमेश का पता नहीं चल सका।

ठाणे में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के बाद कई नाले उफान पर हैं। आरडीएमसी प्रमुख यासिन तडवी ने बताया कि ठाणे शहर में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 166.31 मिलीमीटर बारिश हुई। पड़ोसी पालघर जिले में अधिकारियों ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे में सुबह आठ बजे तक औसतन 185.10 मिलीमीटर बारिश हुई।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के मुताबिक, अरब सागर में सुबह आठ बजकर आठ मिनट पर 3.46 मीटर ऊंची लहरें उठीं और दोपहर तीन बजे के बाद भी ऐसा होने का अनुमान है।

शहर के उत्तरी हिस्सों में गुरूवार को हुई भारी बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इसकी वजह से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही।

बीएमसी ने गुरूवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की थी। हालांकि, शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी कॉलेज खुले रहे।

बीएमसी ने बताया कि 28 जुलाई को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा का एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर आया है। उन्होंने लोगों से इस पर विश्वास न करने की अपील की है।

बारिश के कारण गुरूवार को माटुंगा, डीएन नगर, बाइकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में करीब आधा फुट तक जलजमाव हो गया था।

एक स्थानीय निकाय अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी जिले ठाणे में वैतरणा नदी पर बनी मोदक सागर झील पूरी तरह भर गई और उसका पानी बृहस्पतिवार रात 10 बजकर 52 मिनट पर बाहर आने लगा है।

मुंबई, ठाणे और नासिक जिले में स्थित सात जलाशयों भाटसा, ऊपरी वैतरणा, मध्य वैतरणा, तानसा, मोदक सागर, विहार और तुलसी से मुंबई को पेयजल की आपूर्ति की जाती है।

 

भाषा
ठाणे (महाराष्ट्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment