दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान जारी, 5 बजे तक 44.52 फीसदी वोटिंग

Last Updated 08 Feb 2020 09:19:09 AM IST

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शनिवार को वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर 5 बजे तक 44.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिल्ली में मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल, मुख्य सचिव विजय कुमार देव, पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी के अलावा कई अन्य नेताओं ने मतदान किया।

विदेश मंत्री जयशंकर ने तुगलक क्रिसेंट के एनडीएमसी स्कूल में वोट डाला। केजरीवाल ने सिविल लांइस इलाके में मतदान किया। देव ने भी मतदान कर अपने मताधिकार को इस्तेमाल किया और पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने निर्माण भवन के पास मतदान केन्द्र में वोट डाला।

इस दौरान दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक दूल्हे ने विवाह समारोह में जाने से पहले मतदान किया। राजधानी के यमुना विहार सहित अन्य कई इलाकों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान देर से शुरू हुआ।

शाहीन बाग में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और वहां इसके लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गये हैं।

मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों के अलावा पर्याप्त संख्या में अन्य कर्मचारियों को तैनात किए जाने के साथ ही पुख्ता इंतजाम किए गये।

डॉ सिंह के अनुसार मतदान निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए 1000024 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए गये हैं। सुरक्षा इंतजामों में दिल्ली पुलिस के 38 हजार 874 और होम गार्ड के 19 हजार जवान तैनात किए गये हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में अर्धसैनिक सुरक्षा बल के जवान भी तैनात किए गए।

इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं जिनमें से 132 मतदाता 100 या इससे अधिक आयु के हैं। वयोवृद्ध मतदाताओं को ‘वीआईपी’ मतदाता के रूप में वोट डालने की सुविधा मुहैया कराई गयी है। वयोवृद्ध मतदाताओं में 68 पुरुष और 64 महिला मतदाता हैं। सबसे वृद्ध मतदाता ग्रेटर कैलाश की चितरंजन पार्क निवासी 110 वर्षीय महिला कालीतारा मंडल हैं।

चुनाव में कुल 672 उम्मीदवार हैं  जिनमें पुरुष 593 और महिला प्रत्याशी 79 हैं। 23 विधानसभा सीटों पर कोई  भी महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने  सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 66  और कांग्रेस ने भी इतनी ही सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव  के लिए भाजपा का नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड और चिराग पासवान  की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ समझौता है। कांग्रेस का लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन है। मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन  समाजपार्टी (बसपा) ने 68 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।

भारतीय  कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने  तीन-तीन उम्मीदवार उतारे हैं। शरद पवार के नेतृत्व राष्ट्रवादी कांग्रेस  पार्टी (राकांपा) पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पंजीकृत राजनीतिक दलों के  243 और 148 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

सबसे कम मतदाता चांदनी चौक में एक  लाख 25 हजार 684 और सर्वाधिक मटियाला में चार लाख 23 हजार 682 हैं। सबसे  कम क्षेत्र वाली विधानसभा सीट बल्लीमारान 2.50 वर्ग किलोमीटर और  सर्वाधिक क्षेत्रफल वाली नरेला 143.42 वर्ग किलोमीटर है।

नयी दिल्ली सीट जहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार चुनावी मैदान में  हैं, सबसे अधिक 28 उम्मीदवार हैं। केजरीवाल की मुख्य टक्कर भाजपा के  सुनील यादव और कांग्रेस के रमेश सभरवाल से है। सबसे कम चार प्रत्याशी  पटेल नगर सीट से हैं।

मतगणना 11 फरवरी को होगी जिसके लिए 27 जगहों पर मतगणना केंद्र बनाये गए हैं।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment