उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व छठ सम्पन्न

Last Updated 15 Nov 2018 06:58:55 AM IST

बुधवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सम्पन्न हो गई।


छठ पूजा के दौरान बुधवार सुबह सूर्य को अर्घ्य देतीं महिला श्रद्धालु। फोटो : एसएनबी

36 घंटे तक अखंड उपवास के बाद व्रतधारियों ने भास्कर को गाय के दूध से अर्घ्य देकर अपना व्रत तोड़ा। इसके बाद व्रतधारियों ने अदरक और गुड़ खाकर अपना उपवास तोड़ा।

डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जितनी भीड़ यमुना तीरे या फिर विभिन्न इलाकों में बने कृत्रिम घाटों पर उमड़ी थी वैसी भीड़ सुबह के वक्त तो नहीं देखने को मिली, लेकिन छठ पूजा के प्रति आस्था रखने वाले बुजुर्ग पुरुष/महिलाओं से लेकर युवाओं तक की भीड़ देखी।

सुबह के समय बच्चों की संख्या कम रही। अर्घ्य देने के बाद वापस श्रद्धालुओं के घर लौटने से सड़कों पर जाम लग गया।  साढ़े आठ बजे के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ छंटनी शुरू हो गई और उसके बाद दफ्तर जाने वालों की भीड़ सड़कों पर आने से रफ्तार धीमी हुई। इस साल दिल्ली सरकार की ओर से एक हजार से अधिक जगहों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई थी। एक अनुमान के अनुसार इस साल 40 लाख पूर्वाचली छठ पूजा में शामिल हुए।

सांसद उदितराज ने क्षेत्रवासियों के साथ मनया छठ पर्व
उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के सांसद डॉ. उदित राज सुबह-सुबह अपने क्षेत्र में पहुंचे और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की बधाई दी। वह सुबह 4 बजे ही श्रद्धालुओं के बीच पहुंच गए। भाजपा सांसद नांगलोई विधानसभा के ज्वालापुरी, निहाल विहार, किराड़ी विधानसभा के हिन्द विहार, प्रेम नगर एक्सटेंशन, कैलाश विहार, मंगोलपुरी, नरेला एवं बादली विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के बीच भी गए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व महसूस हो रहा है कि उनके लोकसभा क्षेत्र में इस बार जगह-जगह छठ घाट बन गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को पूजा करने के लिए दूर तक नहीं जाना पड़ा।

श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे बिधूड़ी : दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी अपने समर्थकों के साथ सुबह तड़के श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे। उन्होंने संगम विहार, गोविन्दपुरी, कालकाजी, तुगलकाबाद, मंगल बाजार रोड, शूटिंग रेंज, हरकेश नगर, नवजीवन कैंप, लाल कुंआ, रेलवे कालोनी जाकर श्रद्धालुओं को छठ पर्व की बधाई दी। भाजपा सांसद ने इस बार अपने क्षेत्र में 22 नये छठ घाटों का निर्माण कराया है।

जौली ने भी की छठ मईया की अराधना : भाजपा के पूर्व विधायक विजय जौली ने अपने समर्थकों के साथ संगम विहार में छठ पर्व मनाया। वह सुबह-सुबह पूजा की टोकरी लेकर अस्थल मंदिर छठ घाट पहुंचे और वहां उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। जौली ने छठ मईया से सुख, शांति के लिए आशीर्वाद भी मांगा। 

मनोज तिवारी ने छठ मईया को नमन किया : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रात्रि में अपने संसदीय क्षेत्र उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के शिविरों में जाकर श्रद्धालुओं के बीच छठ मईया को नमन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने इस पर्व को सुख, शांति व समृद्धि देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सूर्य भगवान की उपासना से व्यक्तित्व का विकास होता है।  मनोज तिवारी सुबह-सुबह सोनिया विहार, वजीराबाद, मयूर विहार के कई शिविरों में भी गये।

सहारा न्यूज ब्यूरो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment